Last Updated: Saturday, February 23, 2013, 17:49
ज़ी न्यूज़ ब्यूरोलखनऊ : उत्तर प्रदेश अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पूर्व प्रदेश मंत्री और भाजपा के युवा नेता मनीष शुक्ला को उत्तर प्रदेश भाजपा संगठन में अहम जिम्मेदारी सौंपते हुए प्रदेश भाजपा का नया मीडिया प्रभारी बनाया गया है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने आज प्रदेश पदाधिकारियों, कार्यसमिति सदस्यों तथा चार मोर्चों के अध्यक्षों की घोषणा कर दी है। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के बेटे राजवीर सिंह उर्फ राजू भैया को उपाध्यक्ष एवं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह के बेटे पंकज सिंह को महामंत्री बनाया गया है।
आधिकारिक सूची के अनुसार, उपाध्यक्षों में राजू भैया के अलावा लखनऊ से सांसद लालजी टंडन के पुत्र गोपाल टंडन, पूर्व मंत्री शिवप्रताप शुक्ल, हरद्वार दुबे, कृष्णा पासवान, अशोक कटारिया, सरिता भदौरिया और साध्वी निरंजन ज्योति शामिल हैं। राकेश कुमार जैन को महामंत्री संगठन के पद पर बरकरार रखा गया है, जबकि महामंत्रियों में पंकज सिंह के अलावा रामनाथ कोविंद, स्वतंत्रदेव सिंह तथा देवेन्द्र सिंह चौहान शामिल हैं।
अनुपमा जायसवाल, दयाशंकर सिंह, अश्वनी त्यागी, कान्ता कर्दम, नीलिमा कटियार, समीर सिंह, राम प्रताप सिंह, अनूप गुप्ता, बेबी रानी मौर्य और मधु मिश्रा को मंत्री तथा पूर्व मंत्री राजेश अग्रवाल को प्रदेश कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गयी है।
बाजपेयी ने विजय बहादुर पाठक के साथ डा. मनोज मिश्र एवं डा. चन्द्र मोहन सिंह को प्रदेश प्रवक्ता के पद की जिम्मेदारी सौंपी है, जबकि मनीष शुक्ला मीडिया प्रभारी और मनीष दीक्षित व अनीता अग्रवाल को सह मीडिया प्रभारी बनाया है। उन्होंने विजय पाल तोमर को किसान मोर्चा, कमलावती सिंह को महिला मोर्चा, राजेन्द्र गौड़ को अनुसूचित जाति/जनजाति मोर्चा तथा रुमाना सिद्दीकी को अल्पसंख्यक मोर्चे के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी है।
बाजपेयी ने 78 सदस्यीय प्रदेश कार्यसमिति का भी गठन कर दिया है। इसके अलावा पार्टी के 25 वरिष्ठ नेताओं को विशेष आमंत्रित सदस्य मनोनीत किया गया है। कार्यसमिति में 26 स्थायी आमंत्रित सदस्य होंगे। इनमें पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी, राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष मुरली मनोहर जोशी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कलराज मिश्र, विनय कटियार एवं मुख्तार अब्बास नकवी, मेनका गांधी, वरुण गांधी एवं योगी आदित्यनाथ सहित उत्तर प्रदेश से पार्टी के सभी सांसद, चार पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्य विधानसभा एवं विधान परिषद में पार्टी के नेता एवं उपनेता शामिल हैं।
First Published: Saturday, February 23, 2013, 16:20