Last Updated: Sunday, February 26, 2012, 13:15
आगरा: भाजपा नेता सुधीन्द्र कुलकर्णी ने भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी की बात दोहराते हुए रविवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में अगर भाजपा की सरकार बनी तो उमा भारती ही वहां मुख्यमंत्री बनेंगी। कुछ दिन पहले गड़करी ने कहा था कि यदि उत्तर प्रदेश में भाजपा चुनाव जीतती है तो मुख्यमंत्री की दौड़ में उमा भारती का नाम शीर्ष पर है और इसीलिए वही मुख्यमंत्री बनेंगी।
कुलकर्णी ने आगरा के भाजपा वृजक्षेत्र कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि गडकरी पार्टी अध्यक्ष हैं इसलिए उनकी बात ही सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि अभी तक उत्तर प्रदेश में जो रिकॉर्ड तोड़ मतदान हुए हैं वह भारतीय लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत हैं। इस बार के चुनाव में जो भी मतदान प्रतिशत बढ़ा है उससे भाजपा को फायदा हुआ है। बसपा की उल्टी गिनती शुरू हो गयी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा के अलावा अन्य सभी पार्टियों का घोषणापत्र दिखावे मात्र का है मगर भाजपा का घोषणापत्र सर्वोत्तम है। इसमें ऐसे मुद्दे हैं जो किसी भी अन्य पार्टियों के घोषणापत्र में नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने घोषणापत्र में यूपी के चार बड़े शहरों में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पांच सालों के भीतर विभिन्न क्षेत्रों में एक करोड़ रोजगार के अवसर प्रदान कराना 24 घंटे बिजली की सुविधा उपलब्ध कराना और आगरा में पर्यटन विकास प्राधिकरण बनाना मुख्य मुद्दे शामिल किये हैं। (एजेंसी)
First Published: Sunday, February 26, 2012, 18:45