Last Updated: Thursday, December 6, 2012, 12:15

अमृतसर : पंजाब के सत्तारुढ़ शिरोमणी अकाली दल के एक नेता और उसके एक साथी को एक पुलिस अधिकारी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधिकारी ने अपनी बेटी को परेशान करने पर आपत्ति व्यक्त की थी। यह जानकारी पुलिस ने दी।
पुलिस आयुक्त राम सिंह के मुताबिक मुख्य अपराधी रंजीत सिंह राणा और उसके साथी को सीमावर्ती जिले अमृतसर से गिरफ्तार किया गया। राणा पिछले कुछ दिनों से उप-निरीक्षक रविंदर पाल सिंह की बेटी को परेशान कर रहा था। पुलिस के मुताबिक रविंदर की हत्या के दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
यह घटना अमृतसर के बाहरी इलाके में स्थित छेहराता थाने के नजदीक हुई। रविंदर ने कुछ लड़कों द्वारा अपनी बेटी को परेशान किए जाने का विरोध किया। बहस केदौरान राणा ने रविंदर और उनकी बेटी पर गोली चला दी जिसमें दोनों जख्मी हो गए थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक राणा और उसके साथी घटनास्थल पर जीप से वापस आए और रविंदर के छाती पर काफी करीब से गोली दाग दी। रविंदर को फौरन निजी अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। राणा अकाली दल की अमृतसर इकाई का महासचिव था जिसे पार्टी ने निष्कासित कर दिया गया है।
जिले के अध्यक्ष यू.एस, संधु ने कहा कि सितम्बर में उसे पार्टी में शामिल किया गया था और तत्काल प्रभाव से उसे अब निष्कासित कर दिया गया है। (एजेंसी)
First Published: Thursday, December 6, 2012, 12:07