Last Updated: Monday, April 22, 2013, 18:55
भोपाल : मध्यप्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता अजय सिंह ने आरोप लगाया कि विकास और सुशासन का दावा करने वाले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की हकीकत इस बात से सामने आ गई है कि उन्होंने इस प्रदेश को ‘आदिम युग’ में पहुंचा दिया है।
सिंह ने आरोप लगाया कि झूठी विकास दर से प्रदेश को नंबर वन बताने वाले मुख्यमंत्री बताएं कि यह कौन सा विकास है, जहां 90 दिन में 88 नाबालिग बच्चियों के साथ बलात्कार हुआ। आदिवासी महिला को पीटकर पेशाब पिलाई जाती है। उन्होंने कहा कि हर बात पर बोलने वाले मुख्यमंत्री चौहान इस पर मौन क्यों है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश को पंचायतों, उत्सवों, यात्राओं एवं अभियानों की बात करने वाले मुख्यमंत्री चौहान के विकास, सुशासन एवं कानून व्यवस्था की स्थिति क्या है, इसकी पोल खुल चुकी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि खुद को प्रदेश की लड़कियों का मामा कहने वाले शिवराज का सिर शर्म से झुका हो अथवा नहीं, लेकिन जनता का सिर शर्म से अवश्य झुक गया है। महिलाओं के लिए अब तक सबसे असुरक्षित कहा जाने वाला मध्यप्रदेश अब नाबालिग बच्चियों के लिए भी असुरक्षित बन गया है।
उन्होंने होशंगाबाद जिले के नांदिया गांव में विधवा आदिवासी महिला को जादू-टोने के शक में पेशाब पिलाने की घटना को इस सरकार पर एक काला धब्बा बताते हुए कहा कि अपराधियों में व्यवस्था एवं कानून का भय समाप्त हो गया है और प्रदेश ‘आदिम युग’ में पहुंच गया है। (एजेंसी)
First Published: Monday, April 22, 2013, 18:55