Last Updated: Thursday, January 3, 2013, 14:52
कानपुर : शहर में लड़कियों और महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और छींटाकशी रोकने के लिए कानपुर पुलिस ने ऑपरेशन रोड रोमियो शुरू किया और पहले ही दिन 14 लोगों को छेड़छाड़ के आरोप में पकड़ा।
एसएसपी यशस्वी यादव ने बताया कि शहर में लड़कियों और महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की घटनाओं को रोकने और उन पर लगाम कसने के लिए इस अभियान की शुरुआत की गई है।
शहर के आठ प्रमुख स्थानों को केन्द्र बनाया गया जहां से छेड़छाड़ की शिकायतें सबसे ज्यादा आती हैं। इनमें मल्टीप्लेक्स माल, पार्क और लड़कियों के स्कूल कालेज शामिल हैं। इन स्थानों पर महिला पुलिसकर्मियों को सादे कपड़ों में तैनात किया गया। इनके संपर्क में एक एक पुलिस टीम भी लगायी गई। उन्होंने बताया कि कल शहर में कुल 14 लोगों को छेड़छाड़ के आरोप में पकड़ा गया। इनमें से आठ मोतीझील पार्क में, तीन जेड स्क्वायर मल्टीप्लेक्स माल में और डीएवी कालेज के पास से तीन लोगों को पकड़ा गया। उन्होंने बताया कि मोतीझील के पास एक लड़के ने सादे कपड़ों में तैनात महिला पुलिस कर्मी के साथ ही छेड़छाड़ की जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया।
यशस्वी यादव ने बताया कि ऑपरेशन रोड रोमियो के तहत केवल उन लोगों को पकड़ा जा रहा है जो महिलाओं और लड़कियों से छेड़छाड़ तथा अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। (एजेंसी)
First Published: Thursday, January 3, 2013, 14:52