Last Updated: Saturday, September 8, 2012, 13:55

भुवनेश्वर: ओ एक रैली के दौरान पार्टी समर्थकों और पुलिसकर्मियों के बीच संघर्ष से जुड़े मामले में पुलिस ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जगदीश टाइटलर, निरंजन पटनायक और कई अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस घटना में 260 लोग घायल हो गए थे।
पुलिस उपायुक्त नितिनजीत सिंह ने कहा, कांग्रेस के प्रभारी जगदीश टाइटलर और निरंजन पटनायक समेत कई कांग्रेस नेताओं के खिलाफ गुरूवार की हिंसा के संदर्भ में कई मामले दर्ज किये हैं। ओडिशा प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष निरंजन पटनायक ने कहा, इस मामले में पुलिस हालांकि नवीन पटनायक सरकार की शह पर काम कर रही है, हम पुलिस की ओर से दर्ज मामले का सामना करने को तैयार हैं।
गौरतलब है कि कोयला घोटाले को लेकर कांग्रेस ने नवीन हटाओ,ओडिशा बचाओ रैली आयोजित की थी। रैली में 25 हजार से ज्यादा कांग्रेसी कार्यकर्ता शामिल हुए थे। रैली में शामिल कांग्रेसी कार्यकर्ता जब विधानसभा परिसर में लगे बैरिकेड्स को तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश कर रहे थे तो पुलिस ने उनके खदेड़ने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े।
इस पर कांग्रेसी कार्यकर्ता पथराव करने लगे। इसके बाद पुलिस और कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। हंगामा कर रहे प्रदर्शनकारियों ने एक महिला पुलिस अधिकारी से बदसलूकी की। उन्होंने महिला पुलिसकर्मी को घसीटा और उससे मारपीट की। अन्य पुलिसकर्मियों की मदद से किसी तरह महिला पुलिस कर्मी को कांग्रेसियों के चंगुल से छुड़ाया गया। पिछले ढाई साल में कांग्रेस का यह सबसे बड़ा विरोध प्रदर्शन था।
First Published: Saturday, September 8, 2012, 11:16