Last Updated: Wednesday, August 15, 2012, 23:27
नई दिल्ली : उत्तर भारत में बुधवार को बूंदाबांदी के बीच लोगों ने स्वतंत्रता दिवस समारोह मनाया। मध्य प्रदेश में बारिश आज भी जारी रही जबकि उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली सहित अन्य राज्यों में बादलों का साया रहा। मौसम विभाग ने गुरुवार को बारिश होने की उम्मीद जताई है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कुछ हिस्सों में बारिश होने से मौसम सुहाना रहा। अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री था।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह सुबह जब लाल किले पर तिरंगा फहरा रहे थे, तब आसमान में बादल छाए हुए थे। शाम 5.30 बजे तक राजधानी में तीन मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अधिकारी ने कहा कि गुरुवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे। शहर में बारिश होने की सम्भावना है। कल दिन का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
उत्तर प्रदेश में आसमान में बादल छाए रहने से मौसम खुशनुमा रहा लेकिन बारिश न होने से लोगों को निराशा हाथ लगी। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान राज्य में आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। उत्तर प्रदेश मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक जे. पी. गुप्ता के मुताबिक राजधानी लखनऊ सहित कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की सम्भावना है।
गुप्ता ने बताया कि राज्य के पश्चिमी एवं पूर्वी इलाकों में भी आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक आज लखनऊ का अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उधर, मध्य प्रदेश में बारिश का सिलसिला बुधवार को भी जारी रहा। मौसम विभाग ने बारिश का क्रम जारी रहने की संभावना जताई है।
राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश ने औसत लक्ष्य को हासिल कर लिया है। नदियों के जरिए बांधों में भी पर्याप्त पानी पहुंच चुका है। बीते 24 घंटों में भोपाल में ढाई मिली मीटर, इंदौर में 9.6, ग्वालियर में 2़2 मिली मीटर बारिश दर्ज की गई है। वहीं आगामी 24 वर्षो में राज्य के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है। राजधानी भोपाल में अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटना सहित बिहार के अधिकांश क्षेत्रों में अगले चौबीस घंटों के दौरान बारिश होने की सम्भावना व्यक्त की गई। राजधानी पटना में पिछले चौबीस घंटों के दौरान 36 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक आज सुबह पटना का तापमान 26़ 9 डिग्री सेल्सियस था जबकि अधिकतम तापमान 30.6 दर्ज किया गया। केन्द्र के निदेशक ए़ क़े सेन ने बताया कि अगले चौबीस घंटों के दौरान पटना सहित राज्य के कई इलाकों में बारिश होने की सम्भावना है, जिसके कारण तापमान में गिरावट आएगी। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, August 15, 2012, 23:27