Last Updated: Monday, March 11, 2013, 13:44
बेंगलूरु: कर्नाटक में शहरी स्थानीय निकाय के चुनावों के लिए सोमवार को शुरू हुई मतगणना में कांग्रेस बढ़त बनाए हुए है। सात नगर निगमों और 43 नगर पालिकाओं समेत 207 शहरी स्थानीय निकायों में चुनाव के लिए सात मार्च को मतदान हुआ था।
ताजा जानकारी के अनुसार कांग्रेस ने 1227 वार्डों में जीत दर्ज की है। जनता दल सेक्युलर (जद-एस) 603 वार्डों में जीत के साथ दूसरे और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 583 वार्डों में जीत के साथ तीसरे स्थान पर है। अब तक कुल 5000 में से तकरीबन 3036 वार्डों के चुनाव नतीजे घोषित किए जा चुके हैं। पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदयुरप्पा की पार्टी कर्नाटक जनता पक्ष ने 197 और भाजपा के पूर्व मंत्री बी. श्रीरामुलु की बीएसआर कांग्रेस ने 47 वाडरें में जीत का परचम लहराया है। ये दोनों ही दल पहली बार चुनाव मैदान में उतरे हैं। इनके अलावा 351 वाडरें में निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की।
इन चुनावों को मई में होने वाले राज्य विधान सभा चुनावों के ‘सेमीफाइनल’ के तौर पर देखा जा रहा है। पिछली बार 2007 में कुल 5007 वार्डों के लिए हुए स्थानीय निकाय चुनावों में कांग्रेस 1606 वार्डों में जीत के साथ सबसे आगे रही थी। जद (एस) ने 1502 और भाजपा ने 1180 वार्डों में जीत हासिल की थी। (एजेंसी)
First Published: Monday, March 11, 2013, 13:44