कर्नाटक में निकाय चुनाव में हार खतरे की घंटी: BJP

कर्नाटक में निकाय चुनाव में हार खतरे की घंटी: BJP

नई दिल्ली : भाजपा ने कर्नाटक के स्थानीय निकाय चुनावों में मिली पराजय को सोमवार को स्वीकारते हुए इसे ‘खतरे की घंटी’ बताया। भाजपा ने कहा कि वह आत्मनिरीक्षण करेगी लेकिन दावा किया कि अगले विधानसभा चुनाव में वह सत्ता में वापसी करेगी।

स्थानीय निकाय चुनाव में भाजपा की पराजय पर पार्टी प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा, ‘हमें स्थानीय निकाय चुनावों में जीत नहीं मिली। हम पराजित हुए और यह खतरे की घंटी है। हम निश्चित तौर पर आत्मनिरीक्षण करेंगे।’
उन्होंने दावा किया कि अगले विधानसभा चुनाव में भाजपा अच्छा प्रदर्शन करेगी और चुनाव जीतेगी।

इस बीच सूत्रों ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा द्वारा भाजपा से अलग होकर कर्नाटक जनता पार्टी बनाने के फैसले ने पार्टी के प्रदर्शन को प्रभावित किया है और इसी की वजह से उसे पराजित होना पडा।

कुछ भाजपा नेताओं ने दावा किया कि परिणामों से पता चलता है कि यदि येदियुरप्पा पार्टी से अलग नहीं होते तो इन चुनावों में भाजपा विजयी होकर उभरती।

निकाय चुनाव के नतीजे संभवत: भाजपा को उसकी भावी योजनाओं के बारे में सोचने पर मजबूर करेंगे। कर्नाटक में विधानसभा चुनाव दो महीने बाद ही हैं। (एजेंसी)

First Published: Monday, March 11, 2013, 21:08

comments powered by Disqus