कर्नाटक में भाजपा ने शुरू किया चुनाव प्रचार, मोदी भी करेंगे प्रचार

कर्नाटक में भाजपा ने शुरू किया चुनाव प्रचार, मोदी भी करेंगे प्रचार

कर्नाटक में भाजपा ने शुरू किया चुनाव प्रचार, मोदी भी करेंगे प्रचारबेंगलुरु : सत्तारुढ़ भाजपा ने कर्नाटक में पांच मई को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए मैसूर में आज एक चुनाव रैली से अपना प्रचार अभियान शुरू कर दिया और पार्टी से अलग हुए दिग्गज नेता बीएस येदियुरप्पा फैक्टर को कमतर करने की कोशिश की।

एकता का मंत्र देते हुए मैसूर में ‘विजयसंकल्प समवेष’ में मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार, पूर्व मुख्यमंत्री डीवी सदानंद गौड़ा, उपमुख्यमंत्री केएस ईश्वरप्पा, नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी प्रहलाद जोशी तथा वरिष्ठ पार्टी नेता एचएन अनंत कुमार शामिल हुए। संगठनात्मक और आरएसएस की पृष्ठभूमि रखने वाले प्रहलाद जोशी ने संवाददाताओं से कहा, ‘कर्नाटक के अधिकांश हिस्सों में त्रिकोणीय मुकाबला होगा। कुछ स्थानों पर कांग्रेस और भाजपा तो कुछ जगहों पर यह कांग्रेस, जनता दल एस और भाजपा के बीच मुकाबला होगा।’

पिछले साल भाजपा से अलग हुए पूर्व मुख्यमंत्री येदियुरप्पा की कर्नाटक जनता पार्टी (केजेपी) के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने उल्लेख किया कि केजेपी को हाल में नगर निकायों के लिए हुए चुनाव में 147 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में एक भी सीट नहीं मिली थी । जोशी ने केजेपी और पूर्व भाजपा मंत्री बीएस श्रीरामुलू द्वारा बनाई गई बीएसआर कांग्रेस का हवाला देते हुए दावा किया कि लोग यह जानते हैं कि विधानसभा चुनाव में छोटे दलों को वोट देना ‘बेकार’ है और भाजपा मतदाताओं के बड़े तबके तक यह संदेश पहुंचाने का प्रयत्न करेगी।

शेट्टार ने कहा कि भाजपा सरकार सफलतापूर्वक अपना कार्यकाल पूरा कर चुकी है और इसे स्पष्ट बहुमत के साथ सत्ता में फिर से वापस आने का पूरा विश्वास है। भाजपा सूत्रों ने कहा कि पार्टी राज्य में प्रचार के लिए गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रित करेगी । जोशी की नियुक्ति को कुछ भाजपा नेता राज्य में पार्टी के मामलों में अनंत कुमार की स्थिति मजबूत होने के रूप में देखते हैं।

ऐसी अटकलें हैं कि कुछ मंत्री खासकर उद्योग मंत्री मुरुगेश नीरानी केजेपी जैसी शक्तियों से जुड़ने का विचार कर रहे हैं। श्रीरामुलू ने इन अटकलों को खारिज किया है कि उनकी पार्टी भाजपा के साथ गठबंधन या इसमें विलय की कोशिश कर रही है। नगर निकाय चुनावों में श्रीरामुलू की पार्टी का प्रदर्शन खराब रहा था। (एजेंसी)

First Published: Friday, March 22, 2013, 18:24

comments powered by Disqus