कर्नाटक विधानसभा सीट पर कांग्रेस की जीत-Karnataka Congress won the assembly seat

कर्नाटक विधानसभा सीट पर कांग्रेस की जीत

बेंगलुरू: कर्नाटक में सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी ने पेरियापटना विधानसभा सीट पर जीत हासिल कर ली है। इसके साथ ही 225 सदस्यीय विधानसभा में इसकी सदस्य संख्या 122 हो गई है। पेरियापटना सीट पर हुए चुनाव का नतीजा शुक्रवार को आया। यहां 28 मई को मतदान हुआ था। कांग्रेस प्रत्याशी के. वेंकटेश ने जनता दल-सेक्युलर (जेडी-एस) के प्रत्याशी के. महादेव को 2,000 से अधिक वोटों के अंतर से हराया।

निर्वाचन अधिकारियों ने यहां संवाददाताओं से कहा, वेंकटेश को 62,045 वोट मिले, जबकि महादेव को 59,957 वोट मिले।

तीसरे स्थान पर क्षेत्रीय दल के प्रत्याशी एच. डी. गणेश रहे, जिन्हें 5,000 वोट मिले। इस पार्टी का गठन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार में मंत्री रहे बी. श्रीरामुलु ने किया है।

भाजपा प्रत्याशी आर. टी. सतीश चौथे स्थान पर पहुंच गए और यहां तक कि उन्हें अपनी जमानत भी गंवानी पड़ी। उन्हें केवल 3,731 वोट मिले।

इस सीट से भाजपा प्रत्याशी का निधन हो जाने के कारण यहां पांच मई को मतदान नहीं हो पाया था, जब अन्य विधानसभा सीटों के लिए मतदान हुआ था।

पेरियापटना विधानसभा सीट मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के गृह जनपद मैसूर में आता है और यहां से कांग्रेस की जीत के बाद उनकी स्थिति अधिक मजबूत हुई है। अब मैसूर जिले की 11 विधानसभा सीटों में से आठ कांग्रेस के पास है। (एजेंसी)

First Published: Friday, May 31, 2013, 15:00

comments powered by Disqus