कश्मीर में कड़ाके की ठंड जारी - Zee News हिंदी

कश्मीर में कड़ाके की ठंड जारी



श्रीनगर : भारी हिमपात के एक दिन बाद कश्मीर घाटी में कड़ाके की सर्दी रही। पूरे क्षेत्र में तापमान कई डिग्री नीचे चला गया है और श्रीनगर एवं गुलमर्ग में बीती रात इस सर्दी की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई।

 

अधिकारियों ने कहा कि श्रीनगर जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग आज लगातार तीसरे दिन बंद रहा। सड़क से बर्फ हटा दी गई है लेकिन कड़ाके की ठंड की वजह से सड़क फिसलन भरी और वाहनों के लिए असुरक्षित हो गई है।

 

अधिकारियों ने कहा कि जवाहर सुरंग के पास आज सुबह ताजा हिमपात हुआ है जिससे 294 किमी लंबा मार्ग फिर से खुलने में देरी हो सकती है।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 5 । 5 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा जो इस सर्दियों में शहर की सबसे ठंडी रात रही। इससे पहले श्रीनगर में दिसंबर के तीसरे सप्ताह में तापमान शून्य से 4.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था।
अधिकारी ने कहा कि पर्यटकों की पसंद गुलमर्ग में तापमान शून्य से 16 । 5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि कोकरनाग में तापमान शून्य से 6.3 डिग्री सेल्सियस नीचे, पहलगाम में 6 डिग्री सेल्सियस नीचे और कुपवाड़ा में 5.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। रात के तापमान में गिरावट से शहर की सड़कों पर बर्फ की चादर छा गई है जबकि जलापूर्ति करने वाले पाइप जम गये हैं। डल झील सहित अन्य जलाशय ठंड से आंशिक रूप से जम गये हैं।
अधिकारियों ने कहा कि घाटी में बिजली आपूर्ति अब तक बहाल नहीं हो पाई है क्योंकि उत्तरी ग्रिड और कश्मीर के बीच ट्रांजीशन लाइन पर मरम्मत का काम अभी पूरा नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार रात से हिमपात के कारण बिजली आपूर्ति बाधित है और ताजा हिमपात से मरम्मत के काम पर असर पड़ा है(एजेंसी)

First Published: Sunday, January 8, 2012, 16:02

comments powered by Disqus