Last Updated: Sunday, January 8, 2012, 14:42
श्रीनगर : कश्मीर घाटी में भारी हिमपात के एक दिन बाद ठंड का दौर जारी है। राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी और गुलमर्ग में इन सर्दियों की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। ठंड की वजह से दो लोगों की मौत हो गई। शनिवार को हुए हिमपात के बाद घाटी में पारा कई डिग्री नीचे चला गया।
अधिकारियों ने कहा कि श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग रविवार को लगातार तीसरे दिन बंद रहा। बहरहाल सड़क पर से बर्फ हटा दी गई है लेकिन मार्ग अब भी फिसलन भरा है इसलिए इस पर यातायात खतरनाक हो सकता है।
उन्होंने कहा कि जवाहर सुरंग के आसपास रविवार सुबह हुए हिमपात के कारण घाटी को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने वाले एकमात्र सड़क मार्ग पर यातायात बहाल होने में देरी की आशंका है।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया श्रीनगर का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इन सर्दियों की सबसे ठंडी रात रही। शहर में इससे पहले इस मौसम का सबसे कम तापमान दिसंबर के तीसरे सप्ताह में शून्य से नीचे 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
उन्होंने कहा कि पर्यटकों के आकषर्ण के केंद्र गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
काजीगुंड का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 8.4 डिग्री सेल्सियस, कोकेरनाग का शून्य से नीचे 6.3 डिग्री सेल्सियस, पहलगाम का शून्य से नीचे छह डिग्री सेल्सियस और कुपवाड़ा का शून्य से नीचे 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रात के तापमान में गिरावट के कारण शहर की सड़कों पर बर्फ की पर्त जम गई जबकि जल आपूर्ति करने वाले नलों में भी पानी जम गया। (एजेंसी)
First Published: Sunday, January 8, 2012, 20:28