Last Updated: Saturday, January 7, 2012, 09:06
कोलकाता: कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष ममता बनर्जी के रिश्तों में खटास और बढ़ गई है। शनिवार को ममता ने कांग्रेस के खिलाफ सीधा मोर्चा खोल दिया और साफ कह दिया कि कांग्रेस चाहे तो गठबंधन तोड़ सकती है।
ममता ने कहा कि अगर कांग्रेस को लगता है कि वह सीपीएम के साथ जा सकती है, तो वह ऐसा कर सकती है। उसके लिए दरवाजे खुले हुए हैं। हम अकेले रह सकते हैं।
ममता ने कांग्रेस पर गलत बयानबाजी का आरोप लगाया और कहा कि एफडीआई और पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी का विरोध करने के कारण कांग्रेस उनकी पार्टी के खिलाफ अफवाह फैला रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश के संघीय ढांचे में हस्तक्षेप किया और लोकपाल विधेयक में लोकायुक्त को शामिल किया। ममता ने कहा कि उनकी पार्टी ने उत्तर प्रदेश और मणिपुर में चुनाव लड़ने का फैसला किया है, इसलिए कांग्रेस ज्यादा चिंतित है।
(एजेंसी)
First Published: Sunday, January 8, 2012, 09:33