कांग्रेस नेता रोक रहे मप्र का विकास : अनंत

कांग्रेस नेता रोक रहे मप्र का विकास : अनंत

भोपाल : भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और मध्य प्रदेश के प्रभारी अनंत कुमार ने केंद्र सरकार और कांग्रेस के नेताओं पर राज्य के विकास में बाधा खड़ी करने का आरोप लगाया है।

भाजपा की प्रदेश इकाई की कार्यसमिति की बैठक के उद्घाटन सत्र में रविवार को अनंत कुमार ने कहा कि दिग्विजय सिंह, कमलनाथ सहित अन्य कांग्रेस नेता मध्य प्रदेश को लेकर अफवाहें फैलाते रहते हैं। वे राज्य को बदनाम करने में लगे हैं। वहीं, केंद्र सरकार से राज्य को जो मदद मिलनी चाहिए, वह नहीं मिल रही है। कांग्रेस नेता ही राज्य का विकास रोक रहे हैं। वे नहीं चाहते कि राज्य की तरक्की और विकास हो।

अनंत कुमार ने प्रधानंमत्री मनमोहन सिंह पर चुटकी लेते हुए कहा कि आज मौनी अमावस्या है, इसलिए ज्यादा नहीं बोलना चाहिए। लेकिन मौनी बाबा मनमोहन सिंह तो इससे भी ऊपर हैं, जो पिछले आठ वर्षो से नहीं बोल रहे।

नरेंद्र सिंह तोमर द्वारा भाजपा प्रदेश इकाई की दूसरी बार कमान संभाले जाने के बाद कार्यसमिति की यह पहली बैठक हो रही है। पार्टी के प्रदेश कार्यालय दीनदयाल परिसर में हो रही यह बैठक दो दिन की थी, लेकिन भाजपा के वरिष्ठ नेता नारायण प्रसाद गुप्ता के निधन के कारण पहले दिन की बैठक निरस्त कर दी गई थी। इस बैठक में तीन प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। (एजेंसी)

First Published: Sunday, February 10, 2013, 16:35

comments powered by Disqus