Last Updated: Friday, January 11, 2013, 22:09
रांची : झारखंड के कार्यवाहक मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने आज कांग्रेस को एक बार फिर चुनौती देते हुए कहा कि वह पर्दे के पीछे से राजनीति न करे और यदि उसके पास आंकड़े हैं तो उसे सामने आकर राज्य की प्राथमिकता तय कर इसे आगे ले जाना चाहिए।
मुंडा ने आज यहां अपने आवास पर बुलाए गए संवाददाता सम्मेलन में अपनी सरकार गिरने के लिए कांग्रेस की ओर अंगुली उठाते हुए उसे एक बार फिर चुनौती दी कि वह पर्दे के पीछे से राजनीति न करे बल्कि यदि उसके पास आंकड़े हैं तो वह खुल कर सामने आये और राज्य को विकास के रास्ते पर आगे ले जाए।
मुंडा ने अपनी सरकार के अनेक कार्य अधूरे रह जाने पर गहरा अफसोस जताते हुए कहा कि उन्हें इस बात का दुख रहेगा कि झारखंड के विकास के लिए उन्होंने जो सपना देखा था वह अधूरा रह गया। विशेषकर उनकी सरकार ऐसे समय में गिरी जब 2012-17 की 12वीं पंचवर्षीय योजना पर काम चल रहा था और राज्य के विकास का स्वरूप तय किया जा रहा था। उन्होंने कांग्रेस को आगे आकर झारखंड की प्राथमिकताएं तय कर कार्य करने और जनहित में कार्य करने की चुनौती दी। (एजेंसी)
First Published: Friday, January 11, 2013, 22:09