Last Updated: Thursday, August 9, 2012, 21:45
नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस ने कहा कि पूर्व विमान परिचायिका गीतिका शर्मा की आत्महत्या से सम्बद्ध मामले में हरियाणा के पूर्व मंत्री गोपाल गोयल कांडा फरार हैं और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस उपायुक्त पी. करुणाकरण ने पत्रकारों को बताया कि कांडा फरार हैं। हम उनकी तलाश कर रहे हैं। वह जल्द गिरफ्तार होंगे।
इससे पहले पुलिस ने कांडा के दिल्ली व हरियाणा स्थित दफ्तरों व आवासों पर गुरुवार को भी छापेमारी जारी रखी। पुलिस ने बताया कि कांडा की सहयोगी अरुणा चड्ढ़ा को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया था। पुलिस द्वारा पूछताछ के लिए भेजे गए सम्मन के जवाब में कांडा के उपस्थित न होने पर एमडीएलआर एयरलाइंस की कर्मचारी अरुणा को गिरफ्तार कर लिया गया।
कांडा के खिलाफ मंगलवार को मामला दर्ज किया गया था। उन्हें उनकी पूर्व कर्मचारी गीतिका की मौत के मामले में पूछताछ के लिए सम्मन भेजा गया था। गीतिका का शव पांच अगस्त को उनके उत्तरी दिल्ली के अशोक विहार स्थित आवास पर लटका हुआ पाया गया था। सुसाइड नोट में गीतिका ने कांडा व अरुणा का नाम लिया था। गीतिका के भाई गौरव शर्मा के मुताबिक कांडा व अरुणा ने उनकी बहन को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया था।
कांडा के वकीलों ने बुधवार को दिल्ली पुलिस से सम्पर्क किया था। उन्होंने कांडा के पुलिस के समक्ष उपस्थित होने के लिए तीन दिन का समय मांगा था। उनका कहना था कि उन्हें जांचकर्ताओं द्वारा भेजे गए दस्तावेज पढ़ने के लिए समय चाहिए। पुलिस ने इस अनुरोध को न मानते हुए कांडा से तुरंत उपस्थित होने के लिए कहा था। इसके बाद कांडा फरार हो गए थे।
कांडा एमडीएलआर एयरलाइंस के मालिक हैं, जहां गीतिका विमान परिचायिका थीं। वर्ष 2009 में एयरलाइंस ने काम करना बंद कर दिया था। गीतिका को कांडा के स्वामित्व वाली एक अन्य कम्पनी में पदस्थ कर दिया गया था। (एजेंसी)
First Published: Thursday, August 9, 2012, 21:45