Last Updated: Thursday, August 16, 2012, 22:14
ग्रेटर नोएडा : यमुना एक्सप्रेस वे पर बिना शुल्क आवागमन की इजाजत दिए जाने की मांग करते हुए किसानो ने यहां यातायात रोक दिया। किसानो ने भारतीय किसान यूनियन के झंडे तले एक्सप्रेसवे की शुरूआत से ठीक पहले प्रदर्शन किया।
पुलिस ने दो दर्जन से ज्यादा किसानों को हिरासत में ले लिया और उन्हें पुलिस लाइन्स ले जाया गया। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अशोक कुमार ने गुरुवार को बताया कि किसानो ने यमुना एक्सप्रेस शुरू होने से ठीक पहले कुछ मिनट तक यातायात रोक दिया। इन लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन्स भेज दिया गया। उसके बाद यातायात सुचारू रूप से चलने लगा।
किसानो ने कहा कि वह हर कुछ घंटे बाद एक समूह को भेजकर एक्सप्रेसवे पर यातायात रोकने का प्रयास करेंगे। भाकियू के नेता ने कहा कि हमारी मांग है कि यमुना एक्सप्रेसवे के इर्द गिर्द के किसानों को एक्सप्रेसवे पर बिना शुल्क आवाजाही की इजाजत दी जाए। सर्विस रोड अभी नहीं बनी है और जब तक हमारी मांगें नहीं मानी जाएंगी हम अपना विरोध जारी रखेंगे। टप्पल के किसानो ने भी एक्सप्रेसवे को रोकने की धमकी दी है। आगरा और मथुरा के किसानों के भी इनके साथ आने की संभावना है। जेवर में किसानो ने आगे की रणनीति निर्धारित करने के लिए पंचायत की। (एजेंसी)
First Published: Thursday, August 16, 2012, 22:14