कुर्बानी के लिए 1.5 लाख तक का बकरा - Zee News हिंदी

कुर्बानी के लिए 1.5 लाख तक का बकरा

नई दिल्ली : बकरीद पर कुर्बानी के लिए दिल्ली में जामा मस्जिद इलाके के मवेशी बाजार में सबसे महंगे बकरे की कीमत इस साल 1.5 लाख रुपये है, जबकि पिछले साल कुर्बानी के लिए सबसे महंगा बकरा 4.5 लाख रुपये का था और वह मौजूदा बकरे से कहीं अधिक स्वस्थ भी था।

 

बकरे का नाम चंदा है और इसके मालिक मोहम्मद सबीर हैं, जो उत्तर प्रदेश से अपना बकरा बेचने यहां आए हैं। उन्होंने बताया, बकरे की पीठ पर एक ओर 'अल्लाह' और दूसरी ओर मुहम्मद' उकेरा गया है। पिछले साल के सबसे महंगे बकरे का जिक्र आने पर सबीर ने बताया, मेरा बकरा उतना मोटा नहीं है। यही वजह है कि यह तुलनात्मक रूप से सस्ता है। यह 20-25 किलोग्राम का है।

दुनियाभर में मुसलमान पैगम्बर इब्राहिम द्वारा अल्लाह को खुश करने के लिए अपने बेटे इस्माइल तक की कुर्बानी देने के लिए तैयार रहने के दिन के रूप में मनाते हैं। इस्लाम के अनुसार, इब्राहिम जैसे ही अपने बेटे का गला काटने जा रहे थे, अल्लाह ने उसके स्थान पर भेड़ प्रस्तुत करके इस्माइल को बचा लिया। तभी से ईद-उल-अजहा (बकरीद) के दिन किसी मवेशी की कुर्बानी की परम्परा है।

 

बाजार में सफेद रंग की दो भेड़ भी लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही हैं। इनका वजन 50-50 किलोग्राम का है। दोनों की कीमत 2.67 लाख रुपये है। भेड़ों के मालिक आलम हुजूर ने कहा, मैंने इन्हें बादशाह और राजा नाम दिया है। मैं पिछले छह महीने से इनकी देखभाल कर रहा हूं। इन्हें समय पर खाना खिलाता हूं और इनके स्वास्थ्य का ध्यान रखता हूं।

 

दुकानदार के अनुसार, सबसे अधिक मांग मेवाती, बारबरी, देसी और तोतापुरी प्रजाति के भेड़ और बकरों की है, जो राजस्थान और उत्तर प्रदेश से आए हैं। इनमें से अधिकतर की कीमत 5,000 से 10,000 रुपये है।

 

परम्पराओं के अनुसार, कुर्बानी के लिए बकरे का चयन ध्यानपूर्वक किया जाना चाहिए। यह स्वस्थ और इसकी शारीरिक बनावट मजबूत होनी चाहिए। इसे किसी भी तरह से अस्वस्थ या विकृत नहीं होना चाहिए।

 

एक खरीदार फैसल खान ने बताया, दो और चार दातों वाले मध्य आयु वर्ग के बकरे कुर्बानी के लिए सबसे बेहतर होते हैं। छह दांतों वाले बकरे बूढ़े होते हैं और कुर्बानी के लिए इनका चयन नहीं किया जाना चाहिए। (एजेंसी)

First Published: Sunday, November 6, 2011, 19:07

comments powered by Disqus