Last Updated: Monday, September 2, 2013, 18:29
पणजी : पणजी की एक सत्र अदालत ने उत्तर प्रदेश के समाजवादी पार्टी के विधायक महेंद्र सिंह को सोमवार को जमानत दे दी। उन्हें पिछले सप्ताह गोवा में एक डांस बार से गिरफ्तार किया गया था।
विधायक के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था और उन्हें दो सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया था।
जिला एवं सत्र अदालत ने सीतापुर के विधायक सिंह को अगले तीन दिन पणजी थाने में उपस्थित होने का आदेश दिया है।
सिंह के साथ पांच अन्य को गत 26 अगस्त को पुलिस की छापेमारी के बाद कैंपल इलाके में स्थित एक डांस बार से गिरफ्तार किया गया था।
पंजाब, दिल्ली, मुंबई, उप्र और छत्तीसगढ़ की छह लड़कियों को छापेमारी के दौरान बचाया गया था।
अब तक की जांच में पता चला है कि विधायक और अन्य आरोपी अपनी यात्रा के दौरान लड़कियों को गोवा लाये थे और कलांगुट के एक होटल में उनके साथ ही ठहरे थे।
पुलिस ने पहले ही उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष को सिंह की गिरफ्तारी के बारे में सूचित कर दिया है क्योंकि कानून के अनुसार ऐसा करना अनिवार्य है। (एजेंसी)
First Published: Monday, September 2, 2013, 18:29