गठबंधन सिद्धांत पर कायम रहे भाजपा: नीतीश

गठबंधन सिद्धांत पर कायम रहे भाजपा: नीतीश

पटना : भाजपा द्वारा गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री पद के पार्टी के अगले उम्मीदवार के तौर पर पेश किए जाने की चर्चा के बीच बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को कहा कि राजग के घटक दल भाजपा एवं जदयू के बीच आगे गठबंधन बना रहे इसके लिए भाजपा को गठबंधन के सिद्धांत और आपसी समझ पर कायम रहना होगा।

पटना के एक अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास पर आज आयोजित जदयू की प्रदेश कार्यकारिणी को संबोधित करते हुए नीतीश ने कहा कि वर्ष 1996 से जारी गठबंधन को आगे भी जारी रखने के लिए भाजपा और जदयू को गठबंधन के सिद्धांत और आपसी समझ पर कायम रहना होगा। भाजपा द्वारा गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री पद के पार्टी के अगले उम्मीदवार के तौर पर पेश किए जाने की चर्चा पर नीतीश ने कहा कि दोनों दलों के बीच गठबंधन उस समय तक कायम है जबतक दोनों दल गठबंधन के सिद्धांत और आपसी समझ पर कायम रहते हैं।

मोदी और नीतीश के बीच उस समय से रिश्ते में कटुता पायी जा रही है जब पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान बिहार में राजग के उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार के लिए मोदी के यहां आने पर मनाही कर दी गयी थी। ऐसा ही वर्ष 2010 में बिहार विधान सभा चुनाव के दौरान भी हुआ था। (एजेंसी)

First Published: Friday, June 15, 2012, 01:12

comments powered by Disqus