गर्भवती को पेट के बल घसीटा, कोख में बच्ची की मौत

गर्भवती को पेट के बल घसीटा, कोख में बच्ची की मौत

नासिक (महाराष्ट्र) : यहां 20 वर्षीय एक गर्भवती महिला को उसके ससुराल वालों ने कथित तौर पर पेट के बल घसीटा जिससे उसकी कोख में पल रहे भ्रूण की मौत हो गई। महिला के ससुराल वालों पर अजन्मी बच्ची की हत्या का आरोप लगाया गया है।

पुलिस ने आज यहां बताया कि यह घटना म्हासरल इलाके में हुई। पीड़ित स्वर्णा गायकवाड़ का पिछले साल जून में खांडेराव गायकवाड़ के साथ विवाह हुआ था। बताया जाता है कि ससुराल वाले विवाह के बाद से ही दहेज के लिए स्वर्णा को शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान करते थे।

यह भी पुलिस ने बताया कि मकान बनाने के लिए डेढ़ लाख रूपये दहेज के तौर पर लाने की मांग करते हुए ससुराल वाले महिला को परेशान कर रहे थे। बाद में जब, ससुराल वालों को पता चला कि वह गर्भवती है तो वे लोग उसे एक ‘स्वयंभू तांत्रिक’ श्यामबाबा शिन्दे के पास निफड़ ले गए जिसने बताया कि महिला बच्ची को जन्म देगी।

पुलिस के अनुसार, ससुराल वालों ने स्वर्णा से गर्भपात कराने को कहा। उसके इंकार करने पर उसके पति और ससुराल वालों ने उसे चार अप्रैल को कथित तौर पर पीटा जिससे कोख में पल रहे भ्रूण की मौत हो गई।

यह मामला अंधविश्वास उन्मूलन संगठन की नासिक इकाई के अध्यक्ष महेन्द्र दतरांगे ने उजागर किया जिसके बाद पति खांडेराव गायकवाड़, उसके भाई विजय गायकवाड़, मामा ससुर दिलीप सूर्यवंशी और उसके एक रिश्तेदार जलिन्दर सूर्यवंशी को कल गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि कल पंचवटी पुलिस थाने में भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। सुवर्णा के परिवार वालों ने उसके ससुराल वालों पर बच्ची की हत्या का आरोप लगाया है और वह लोग उसकी सास बीबाबाई शिन्दे तथा घटना में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, April 16, 2013, 13:50

comments powered by Disqus