गाजियाबाद के मसूरी में बवाल, 6 लोगों की मौत

गाजियाबाद के मसूरी में बवाल, 6 लोगों की मौत

गाजियाबाद : जिले के मसूरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक धार्मिक पुस्तक फाड़े जाने की अफवाह के बाद हुए उपद्रव में छह लोगों के मारे जाने की सूचना मिली है। पुलिस ने इसकी पुष्टि कर दी है। उपद्रव में दर्जनों लोग घायल भी हुए जिसमें पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। दो पुलिस कर्मियों की गंभीर हालत को देखते हुए गाजियाबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। क्षेत्र में कर्फ्यू जारी है। आसपास के क्षेत्र में भी तनाव की स्थिति बनी हुई है, जिसके कारण पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी क्षेत्र में कड़ी नजर रखे हुए हैं। प्रशासन की ओर से मृतकों, घायलों को मुआवजा देने की घोषणा की गई है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार की रात मसूरी के आध्यात्मिक नगर में एक समाज विशेष की धार्मिक पुस्तक फाड़े जाने की अफवाह के बाद मचे बवाल में छह लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि एसपी ग्रामीण जगदीश वर्मा भी बवाल के दौरान घायल हो गए। दारोगा रमेश और हेड कांस्टेबल रूपचंद को घायल हालत में गाजियाबाद के अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।

शुक्रवार देर रात तक मसूरी में जमकर बवाल चलता रहा। इस दौरान पुलिस के लगभग दर्जन भर वाहनों को उपद्रवियों ने आग के हवाले कर दिया। पुलिस मुख्यालय सहित पुलिस थाने में आग लगा दी और भारी तोड़फोड़ की गई। पथराव भी किया गया। कई थानों की पुलिस मौके पर स्थिति को नियंत्रण करने में जुटी रही। इस दौरान पुलिस को गोलियां भी चलानी पड़ी। एसएसपी प्रशांत कुमार ने बताया कि बवाल के दौरान छह लोगों की मौत हुई है। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए कर्फ्यू जारी है। प्रशासन के मुताबिक, मृतकों को पांच-पांच लाख रुपए और घायलों को एक-एक लाख रुपए की सहायता दी जाएगी। (एजेंसी)

First Published: Saturday, September 15, 2012, 18:30

comments powered by Disqus