गुजरात: कांग्रेस के बंद का आंशिक असर, 1200 हिरासत में

गुजरात: कांग्रेस के बंद का आंशिक असर, 1200 हिरासत में

अहमदाबाद : निलंबित आईपीएस अधिकारी डीजी वंजारा के पत्र पर गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस द्वारा आहूत किए गए शुक्रवार के बंद को आंशिक प्रतिक्रिया मिली और इस दौरान राज्य में 1200 लोगों को हिरासत में लिया गया।

पुलिस ने कहा कि कुल मिलाकर बंद शांतिपूर्ण रहा लेकिन टायर जलाने और सरकारी बसों की खिड़कियां तोड़ने जैसे छिटपुट घटनाएं हुईं।

उन्होंने कहा कि बंद लागू करने का प्रयास कर रहे 1200 से अधिक कांग्रेसी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को राज्यभर में हिरासत में लिया गया।

पुलिस ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस प्रमुख अजरुन मोढवाडिया के भाई रामदेव मोढवाडिया को पोरबंदर में हिरासत में लिया गया।

अहमदाबाद में कुछ क्षेत्रों में कारोबारी प्रतिष्ठान बंद रहे जबकि पुलिस ने कुछ दुकानों को जबरन बंद कराने का प्रयास कर रहे कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।

सौराष्ट्र के दस जिलों में बंद को मिलीजुली प्रतिक्रिया मिली। शिक्षा संस्थान बंद रहे जबकि दुकानों और कारोबारी प्रतिष्ठानों ने बंद में आंशिक रूप से भाग लिया।

इस बीच, राजकोट से कांग्रेसी सांसद कुंवरजी बवालिया ने आज जिला पंचायत चौक से राजकोट ममुख्य सड़क तक पैदल मार्च करके शहर के कांग्रेस अध्यक्ष जसवंत भट्टी पर लगी आईपीसी की धारा 307 हटाने की मांग की।

भट्टी को कल देर रात गिरफ्तार करके उन पर आईपीसी की धारा 307 लगाई थी। भट्टी ने अन्य कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के साथ कल राज्य सरकार की बस को जलाने का प्रयास किया था।

राजकोट से कांग्रेसी विधायक इंद्रानील राज्यगुरू ने शहर पुलिस आयुक्त के सामने एकदिवसीय धरना दिया।

पुलिस ने कहा कि एनएसयूआई के करीब 10 कार्यकर्ताओं को उस समय हिरासत में लिया गया जब वे कलावाड मार्ग के पास राजकोट नगर निगम के वाहन में तोड़फोड़ की।

पुलिस ने कहा कि कांग्रेस के विधायकों परेश धनानी और जासा बराड को क्रमश: अमरेली और वेरावाल में हिरासत में लिया गया। सूरत शहर में, करीब 120 कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। बंद शहर के कुछ क्षेत्रों तक ही सीमित था। नवसारी में करीब 200 कार्यकर्ता एकत्रित हुए।

गुजरात कांग्रेस का दावा है कि बंद बहुत सफल रहा लेकिन राज्य भाजपा नेताओं ने इसे खारिज किया और दावा किया कि लोगों ने विपक्ष के बंद के आहवान को खारिज किया।

प्रदेश कांग्रेस ने कहा कि बंद को नाकाम करने के राज्य सरकार के प्रयासों के बावजूद गुजरात की जनता ने कांग्रेस के बंद के आह्वान पर ‘अभूतपूर्व’ प्रतिक्रिया दी।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता मनीष दोषी ने कहा कि सरकार के जनता की आवाज दबाने के प्रयासों को ध्यान में रखते हुए हमारी पार्टी द्वारा बुलाए गए गुजरात बंद को राज्यभर में अभूतपूर्व प्रतिक्रिया मिली।

दोषी ने पुलिस पर पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर ‘बर्बरता’ करने का आरोप लगाया। हालांकि प्रदेश भाजपा ने कांग्रेस के बंद सफल रहने के दावों को खारिज किया।

प्रदेश भाजपा प्रवक्ता आईके जडेजा ने कहा कि बंद लोगों, स्कूलों, कालेजों, बैंकों को प्रभावित करने में नाकाम रहा। सबकुछ सामान्य रहा। (एजेंसी)

First Published: Friday, September 6, 2013, 22:57

comments powered by Disqus