Last Updated: Wednesday, December 26, 2012, 10:44

ज़ी न्यूज ब्यूरो/एजेंसी
गांधीनगर : गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर नरेंद्र मोदी बुधवार को एक बार फिर शपथ लेंगे। सरदार पटेल स्टेडियम में सुरक्षा का भारी बंदोबस्त किया गया है। मोदी यहां लगभग 11 बजे दिन में एक भव्य समारोह में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। राज्यपाल कमला बेनीवाल कल मोदी को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाएंगी। गुजरात की सत्ता में मोदी की चौथी बार ताजपोशी होगी।
शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के अलावा तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जे जयललिता भी भाग लेंगी। गुजरात भाजपा के प्रवक्ता आईके जडेजा ने बताया कि लालकृष्ण आडवाणी, नितिन गडकरी, अरूण जेटली, सुषमा स्वराज, राजनाथ सिंह और वेंकैया नायडू सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा शासित और गैर भाजपा शासित कुछ अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री भी शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित रहेंगे। मोदी ने पहली बार 2001 में और फिर 2002 एवं 2007 में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। गैर भाजपा शासित मुख्यमंत्रियों में जयललिता शामिल हैं जो कल इस समारोह में भाग लेंगी।
गौर हो कि नरेंद्र मोदी को मंगलवार को सर्वसम्मति से भाजपा विधायक दल का नेता चुन लिया गया, जिसके बाद उन्होंने राज्यपाल कमला बेनीवाल से मुलाकात की और अपने नेतृत्व में नयी सरकार बनाने का दावा पेश किया।
इससे पहले, सभी नवनिर्वाचित विधायकों ने एक बैठक में मोदी ने अपना नेता चुना जिसके साथ ही कल वह चौथी बार गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने का रास्ता साफ हो गया। राज्यसभा में विपक्ष के नेता एवं केंद्रीय पर्यवेक्षक अरुण जेटली की मौजूदगी में हुई बैठक में भाजपा के सभी 115 विधायक मौजूद थे।
पिछले मंत्रिमंडल में वित्त मंत्री रहे वाजू वाला ने मोदी के नाम का प्रस्ताव रखा और चार अन्य वरिष्ठ विधायकों ने इसका समर्थन किया। इस प्रस्ताव के सर्वसम्मति से पारित होने के बाद जेटली ने मोदी के चुने जाने की घोषणा की। राज्यपाल कमला बेनीवाल कल मोदी को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाएंगी।
गुजरात भाजपा के अध्यक्ष आर सी फालदू के नेतृत्व में पार्टी नेताओं का शिष्टमंडल राजभवन गया और मोदी को नेता चुने जाने से संबंधित पत्र उन्हें सौंपा। बीजेपी ने गुजरात की 182 सदस्यी विधानसभा के लिए हुए चुनाव में भाजपा ने 115 सीटें जीतीं है। टाउन हॉल में विधायकों को अपने संबोधन में मोदी ने भाजपा कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए विधानसभा चुनाव में पार्टी की ऐतिहासिक जीत के लिए उनके योगदान को सराहा।
मोदी ने कहा कि भाजपा ने गुजरात में सही अर्थों में टीम भावना के साथ काम किया। यह सही अर्थों में भाजपा की पूंजी है और भाजपा गुजरात में संबंधों को मजबूत बनाने में विश्वास करती है।
First Published: Wednesday, December 26, 2012, 09:08