गुटबाजी छोड़ें झारखंड कांग्रेस के नेता : राहुल गांधी

गुटबाजी छोड़ें झारखंड कांग्रेस के नेता : राहुल गांधी

बोकारो (झारखंड) : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुटीय राजनीति करने के लिए झारखंड प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की आज खिंचाई की जिससे राज्य में पार्टी के हितों को नुकसान हो रहा है। राहुल गांधी की अध्यक्षता में यहां आयोजित एक बैठक में हिस्सा लेने वाले अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के एक सदस्य ने कहा, ‘राहुल ने हमें बताया कि प्रदेश कांग्रेस पार्टी में गुटबाजी है। यदि यह नहीं होता तो झारखंड विधानसभा में पार्टी विधायकों की संख्या 25 से 30 के बीच होती।’

बैठक में शामिल अन्य व्यक्तियों में केंद्रीय पर्यटन मंत्री सुबोध कांत सहाय और विपक्ष के नेता राजेंद्र प्रसाद सिंह शामिल थे। इससे पहले युवक कांग्रेस नेताओं को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने उनसे गंभीरतापूर्वक काम करने का आह्वान किया ताकि लोग झारखंड में वर्तमान सरकार को उखाड़ फेंककर कांग्रेस को लाएं। गांधी ने युवक कांग्रेस नेताओं का आह्वान किया कि वे निर्भीक रहें और पार्टी को मजबूती प्रदान करने के लिए सभी कठिनाइयों को दूर करें। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, September 26, 2012, 22:11

comments powered by Disqus