Last Updated: Wednesday, October 3, 2012, 22:15
ज़ी न्यूज़ ब्यूरोहैदराबाद : तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू ने आंध्र प्रदेश के किसानों की समस्याओं को उजागर करने के लिए 2340 किलोमीटर की राज्यव्यापी पदयात्रा शुरू की। विधानसभा में विपक्ष के नेता ने `रीटी पोरू बाटा` (पदयात्रा) की शुरुआत अनंतपुर जिले के धर्मावरम से किया। वह सरकार से परेशान किसानों को संकट से उबारने के उपाय करने की मांग कर रहे हैं।
तीन दशकों के अपने राजनीतिक जीवन में नायडू पहली बार पदयात्रा कर रहे हैं। पदयात्रा के पहले दिन नायडू को सुनने के लिए भारी संख्या में लोग जुटे। इससे पहले 62 वर्षीय नायडू अपने परिजनों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ विमान से बेंगलुरु के लिए रवाना हुए और फिर वहां से सड़क मार्ग से हिन्दूपुर जाकर 117 दिनों की अपनी इस लंबी यात्रा की शुरुआत की। पदयात्रा अगले साल 26 जनवरी को समाप्त होगी। इस दौरान नायडू राज्य में 23 में से 13 जिलों अनन्तपुर, कुरनूल, महबूबनगर, रंगारेड्डी, मेडक, निजामाबाद, करीमनगर, वारंगल, खम्मम, पूर्व गोदावरी, विशाखापत्तनम, विजयनगरम और श्रीकाकुलम से होकर गुजरेंगे।
नायडू ने शम्साबाद के लिए रवाना होने से पहले सिकंदराबाद में एमजी रोड पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करके श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने तेलुगू देशम पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष एनटी रामाराव की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया।
First Published: Wednesday, October 3, 2012, 22:15