Last Updated: Wednesday, April 3, 2013, 18:47

लखनऊ : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता लालकृष्ण आडवाणी की तरह समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने भी लोकासभा के आगामी चुनाव इसी साल होने का अनुमान जाहिर करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं से चुनाव के लिये तैयार रहने को कहा।
यादव ने आज यहां सपा के जिलाध्यक्षों तथा अन्य पदाधिकारियों की बैठक में कहा कि लोकसभा चुनाव इस साल किसी भी समय हो सकता है। सपा को ज्यादा से ज्यादा सीटों पर जीत हासिल करनी होगी ताकि दिल्ली में सरकार बनने की स्थिति में सपा की अहम भूमिका हो। सपा प्रमुख ने कहा कि राज्य में उनकी पार्टी की सरकार के विकास एवं जनहित के कार्यों से सपा को लोकसभा चुनाव जीतने में मदद मिलेगी।
उन्होंने ताकीद की कि पार्टी में किसी भी स्तर पर गुटबाजी कतई बरदाश्त नहीं की जाएगी। सभी कार्यकर्ता और पदाधिकारी अपनी-अपनी जिम्मेदारियों को निभाए और संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने पर खास जोर दें। बैठक में सपा कार्यकर्ताओं द्वारा आगामी 23 अप्रैल को सरकार की विभिन्न उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार के लिए कार्यक्रम आयोजित करने का फैसला भी किया गया। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, April 3, 2013, 18:47