चेन्नई में बैंक लूट के 5 संदिग्ध ढेर - Zee News हिंदी

चेन्नई में बैंक लूट के 5 संदिग्ध ढेर

चेन्नई : आवासीय इलाके में बुधवार देर रात हुई मुठभेड़ में तमिलनाडु पुलिस ने पांच बदमाशों को मार गिराया। ये लोग एक बैंक की दो शाखाओं को लूटने के मामले में संदिग्ध थे। चेन्नई के पुलिस आयुक्त जे.के. त्रिपाठी ने संवाददाताओं को बताया, 'पांच संदिग्ध बदमाश मारे गए हैं और दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।' मारे गए लोगों की पहचान विनोद कुमार, विनय कुमार, हरीश कुमार, अभय कुमार व चंद्री खरे के रूप में की गई है। चंद्री खरे बिहार से था जबकि अन्य पश्चिम बंगाल से थे। सभी की उम्र 30 से 35 वर्ष के बीच थी।

 

पुलिस ने बताया कि आधी रात को उसे फोन पर सूचना दी गई थी कि व्लचरी आवासीय इलाके के एक अपार्टमेंट में कुछ संदिग्घ मौजूद हैं। पुलिस का एक दल तुरंत मौके पर पहुंचा। पुलिस ने उस अपार्टमेंट के लोगों से पूछताछ करनी चाही लेकिन उन्होंने खिड़कियों से पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने इमारत को घेर लिया और आत्मरक्षा में गोलीबारी शुरू की। करीब एक घंटे तक दोनों ओर से गोलीबारी होती रही। बाद में जब पुलिस ने अपार्टमेंट में प्रवेश किया तो देखा कि पांच लोग मृत पड़े हैं। पुलिस को अपार्टमेंट से करीब 10 लाख रुपए भी मिले। पांचों किराए पर इस अपार्टमेंट में रहते थे और वे छात्र थे।

 

चेन्नई में इसी साल दिन दहाड़े बैंक में डकैती के दो मामले हुए थे। 20 फरवरी को शहर के बाहरी इलाके में कीलकट्टालई स्थित सार्वजनिक क्षेत्र के इंडियन ओवरसीज बैंक की एक शाखा से चार सशस्त्र बदमाशों ने 14 लाख रुपए लूट लिए थे। ऐसी ही एक घटना 23 जनवरी को हुई थी जब पेरूंगुड़ी के निकट बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा से चार सशस्त्र बदमाश 19 लाख रुपए लूटकर भाग गए थे। दो बैंक लूटे जाने के बाद पुलिस ने 45 टीमें बनाई थीं और मामले की जांच शुरू कर दी थी। पुलिस ने एक बैंक शाखा के सीसीटीवी के आधार एक संदिग्ध का स्कैच भी जारी किया था। दोनों घायल पुलिसकर्मियों को रोयापेटाह अस्पताल में भर्ती किया गया है। (एजेंसी)

First Published: Thursday, February 23, 2012, 10:46

comments powered by Disqus