चौदह घंटे के बाद बोरवेल से निकाली गई लड़की

चौदह घंटे के बाद बोरवेल से निकाली गई लड़की

कारूर (तमिलनाडु) : जिले में सूर्यपल्ली गांव के एक खेत में खेलते समय 900 फुट गहरे एक बोरवेल में गिरी सात साल की एक लड़की को चौदह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बचाव कर्मियों ने बाहर निकाल लिया। पुलिस ने बताया कि मुथूलक्ष्मी सुबह करीब सात बजे इस बोरवेल में गिर गयी। 900 फुट गहरे बोरवेल में लड़की 18 फुट की गहराई पर फंसी हुई थी और रात 11 बजे बचावकर्मियों ने उसे बेहोशी की हालत में बाहर निकाल लिया। मुथूलक्ष्मी के माता-पिता खेतिहर मजूदर हैं।

बोरवेल से निकाले जाने के तुरंत बाद लड़की को अस्पताल ले जाया गया। लेकिन लड़की की हालत के बारे में नहीं बताया गया। पुलिस ने बताया कि 18 फुट की गहराई तक बोरवेल की चौड़ाई 12 इंच थी और इसके नीचे यह नौ इंच चौड़ा था।

पुलिस ने बताया कि बचावकर्मियों ने सुबह आठ बजे से बचाव अभियान शुरू किया हुआ था। बचावकर्मी बोरवेल के पास एक दूसरा गड्ढा खोद रहे थे लेकिन चट्टानी भूमि होने की वजह से इसमें देरी हुई। बोरवेल को पानी के लिए खोदा गया था लेकिन इससे पानी नहीं निकला जिसके बाद इसे कच्चे रूप से बंद कर दिया गया। इसे आज सही ढंग से बंद किया जाना था लेकिन उससे पहले ही यह हादसा हो गया। जिलाधिकारी एस जयांधी और दूसरे शीर्ष पुलिस अधिकारियों एवं जिला अधिकारियों ने अभियान का निरीक्षण किया। लड़की की आवाज शाम लगभग पांच बजे तक सुनायी दे रही थी। (एजेंसी)

First Published: Sunday, April 28, 2013, 11:16

comments powered by Disqus