छत्तीसगढ़ नक्सल मुठभेड़ फर्जी मालूम पड़ती है: कांग्रेस

छत्तीसगढ़ नक्सल मुठभेड़ फर्जी मालूम पड़ती है: कांग्रेस

छत्तीसगढ़ नक्सल मुठभेड़ फर्जी मालूम पड़ती है: कांग्रेसरायपुर : छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में मुठभेड़ में 19 नक्सलियों के मारे जाने की घटना के बाद राज्य के मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के जांच दल ने इस घटना की सीबीआई जांच की मांग की है। वहीं मुख्यमंत्री रमन सिंह ने कहा है कि नक्सली मुठभेड़ के दौरान संघम सदस्यों को आगे कर देते हैं।

राज्य के मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नंद कुमार पटेल ने आज यहां कहा कि बस्तर क्षेत्र के सुकमा और बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों द्वारा 19 नक्सलियों को मार गिराने की घटना के बाद कांग्रेस ने 12 सदस्यीय दल को जांच का जिम्मा दिया था। जांच दल ने अभी तक कोई रिपोर्ट नहीं सौंपी है। मगर दल ने मौके में जांच की है, जिससे यह मुठभेड़ फर्जी लग रही है। वहीं जांच दल ने इसकी सीबीआई जांच की मांग की है।

पटेल ने कहा कि पुलिस ने बासागुड़ा क्षेत्र के सरकेगुड़ा गांव में 17 नक्सलियों को मार गिराने का दावा किया है, जबकि जांच दल ने पाया है कि इस क्षेत्र में महिलाएं और बच्चे भी हताहत हुए हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी मुख्यमंत्री रमन सिंह से जानना चाहती है कि इस मामले में उनका क्या रूख है। वहीं, पुलिस मुख्यालय में रणनीति के बाद यह कार्रवाई की गई थी। क्या मुख्यमंत्री इस मुठभेड़ से सहमत हैं और राज्य के गृहमंत्री ननकी राम कंवर का कहना कि जो भी ग्रामीण नक्सली का साथ देगा मारा जाएगा, इससे क्या मुख्यमंत्री सहमत हैं। इन सवालों का जवाब मुख्यमंत्री रमन सिंह को देना चाहिए।

पटेल ने आरोप लगाया कि इस मुठभेड़ के बारे में राज्य सरकार ने केंद्र सरकार को सही जानकारी नहीं दी है। राज्य में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने इस घटना की पूरी जानकारी आलाकमान को सौंप दी है। मुठभेड़ को लेकर कांग्रेस के आरोपों के बाद मुख्यमंत्री रमन सिंह ने आज यहां संवाददाताओं से कहा कि घटनास्थल से नक्सलियों के शवों के साथ साथ शस्त्र और गोलियां बरामद हुई है। वहीं, यह भी जानकारी है कि जब मुठभेड़ होती है तब कट्टर नक्सली संघम सदस्यों को अपने सामने कर देते हैं।

इधर, राज्य के गृहमंत्री ननकी राम कंवर ने कांग्रेस के आरोपों को नकारते हुए कहा है कि इस मामले में विपक्षी दल राजनीति कर रहा है। इस मुठभेड़ में नक्सली मारे गए हैं और यह जानकारी है कि नक्सली मुठभेड़ के दौरान स्वयं को बचाने के लिए महिलाएं और बच्चों को आगे कर देते हैं।

पिछले शुक्रवार 29 जून को छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में पुलिस ने मुठभेड़ में दंतेवाड़ा जेल तोड़ने के मास्टर माइंड समेत 19 नक्सली सदस्यों को मार गिराया था। इस घटना में छह जवान भी घायल हुए हैं। वहीं राज्य के मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने मुठभेड़ में महिलाओं और बच्चों के मारे जाने की सूचना पर 12 सदस्यीय जांच समिति का गठन किया था। मुठभेड़ के बाद से राज्य में आरोप प्रत्यारोप का दौर जारी है। (एजेंसी)

First Published: Monday, July 2, 2012, 22:34

comments powered by Disqus