Last Updated: Monday, July 29, 2013, 09:40
रायपुर : केंद्र सरकार द्वारा गरीबों के लिए तय किए गए मापदंड का छत्तीसगढ़ भाजपा ने कड़ा विरोध किया है। रविवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी नेता अशोक पांडेय के नेतृत्व में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चरणदास महंत को 33, 33 रुपये के चेक भेजे।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने सांसद राज बब्बर को 12 रुपये का, राज्यसभा सदस्य रशीद मसूद को पांच रुपये का, केंद्रीय मंत्री फारूख अब्दुल्ला को एक रुपये का चेक पंजीकृत डाक द्वारा भेजकर विरोध दर्ज किया। साथ ही सभी भाजपा कार्यकतार्आ ने संप्रग सरकार, मनमोहन सिंह, सोनिया गांधी और केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री एवं छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष चरणदास महंत के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
भाजपा नेता अशोक पांडेय ने कहा कि संप्रग सरकार की आर्थिक नीति से देश में असमानता का ग्राफ तेजी से बढ़ा है। गरीब और गरीब होता जा रहा है, अमीर और अमीर होता जा रहा है। कांग्रेस पार्टी अमीर और गरीब के बीच की खाई लगातार बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि एक ओर जहां महंगाई और भ्रष्टाचार कांग्रेस गठबंधन सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि रही है, वहीं देश में गरीबों के लिए जो मापदंड तय किए जा रहे हैं वे निहायत शर्मनाक हैं।
इस अवसर पर रायपुर जिला महामंत्री ओंकार बैस, सूर्यकांत राठौर और सुषमा दस्सानी, गोपी साहू, बिंदू माहेश्वरी, विजय शर्मा, संजूनारायण सिंह ठाकुर, राजू मरक डेय, अखिलेश कश्यप, सुनील चौधरी, चंद्रेश शाह, महेश शर्मा सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे। (एजेंसी)
First Published: Monday, July 29, 2013, 09:40