छत्‍तीसगढ़: नक्‍सली हमले के बाद विकास यात्रा फिर शुरू

छत्‍तीसगढ़: नक्‍सली हमले के बाद विकास यात्रा फिर शुरू

छत्‍तीसगढ़: नक्‍सली हमले के बाद विकास यात्रा फिर शुरू रायपुर : छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के दरभा में नक्सली हमले में कांग्रेस नेताओं की मौत की घटना के बाद राज्य सरकार ने एक बार फिर विकास यात्रा शुरू कर दिया है। लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज ने इस यात्रा की शुरूआत करते हुए कहा है कि देश के समग्र विकास के लिए छत्तीसगढ़ माडल राज्य है।

छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के दरभा क्षेत्र में 25 मई को नक्सलियों ने राज्य के मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के परिवर्तन यात्रा पर हमला कर दिया था। इस हमले में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नंद कुमार पटेल, पूर्व नेता प्रतिपक्ष महेंद्र कर्मा और पूर्व केंद्रीय मंत्री विद्याचरण शुक्ल समेत 29 लोग मारे गए थे।

राज्य में सरकार की विकास यात्रा के खिलाफ में कांग्रेस ने परिवर्तन यात्रा की शुरूआत की थी। जिसमें नक्सलियों ने हमला कर दिया था। हमले के तुरंत बाद मुख्यमंत्री रमन सिंह ने यात्रा स्थगित करने की घोषणा कर दी थी।

घटना के लगभग तीन महीने बाद राज्य सरकार ने राज्य के रायपुर जिले के आरंग तहसील से विकास यात्रा की फिर से शुरूआत की। इस दौरान मुख्यमंत्री रमन सिंह ने आरंग क्षेत्र की जनता को लगभग 106 करोड़ 26 लाख रुपये के विभित्र विकास परियोजनाओं की सौगात देकर उनका लोकार्पण और भूमिपूजन किया।

विकास यात्रा की शुरूआत करते हुए लोकसभा की नेता प्रतिपक्ष सुषमा स्वराज ने कहा कि मुख्यमंत्री रमन सिंह के नेतृत्व में छत्‍तीसगढ़ ने विगत लगभग साढ़े नौ साल में विकास के विभित्र क्षेत्रों में शानदार कीर्तिमान बनाए हैं, जिनकी चर्चा आज सारे देश में हो रही है। छत्‍तीसगढ़ पहला राज्य है, जिसे रमन सिंह के कुशल नेतृत्व में गरीबों के लिए देश का पहला खाद्य सुरक्षा कानून बनाने का श्रेय मिला है। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, August 20, 2013, 09:57

comments powered by Disqus