Last Updated: Sunday, January 20, 2013, 08:39

पटना : बिहार में सत्तारूढ़ जदयू के वरिष्ठ नेता रामाश्रय प्रसाद सिंह का गुड़गांव के एक निजी अस्पताल में संक्षिप्त बीमारी के बाद कल रात निधन हो गया। वह 82 वर्ष के थे।
पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि सिंह ने रात करीब नौ बजे गुड़गांव के मेदांता मेडीसिटी अस्पताल में अंतिम सांस ली। बीते 14 जनवरी को दिल का दौरा पड़ने पर उन्हें पटना में एक अस्पताल में भर्ती कराने के बाद बेहतर इलाज के लिये गुड़गांव ले जाया गया था।
तीन जनवरी 1930 को जहानाबाद जिले के नेवारी गांव में जन्मे रामाश्रय पहली बार 1962 में कांग्रेस के टिकट पर बिहार विधान परिषद के सदस्य चुने गये थे। इसके बाद वह 1972 में गया जिले के कुर्था विधानसभा सीट के लिये कांग्रेस के टिकट से सदस्य चुने गये। उनका 50 वर्ष का राजनीतिक अनुभव रहा। सिंह के परिवार में पत्नी एक पुत्र और एक पुत्री है।
वह कांग्रेस के कार्यकाल में कई विभागों के मंत्री भी रहे। जदयू में शामिल होने के बाद वह बिहार में राजग प्रथम सरकार में जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री भी रहे। (एजेंसी)
First Published: Sunday, January 20, 2013, 08:39