जबरन शराब पिलाकर छात्रा के साथ रेप

जबरन शराब पिलाकर छात्रा के साथ रेप

इटानगर : अरुणाचल प्रदेश के लोंगदिंग जिले में छठी कक्षा की एक छात्रा को जबरन शराब पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोप में रविवार को इंडियन रिज़र्व बटालियन (आईआरबी) के एक कांस्टेबल को गिरफ्तार किया गया।

आधिकारिक सूत्रों ने आज बताया कि सरकारी स्कूल की छात्रा के साथ गत शनिवार को दुष्कर्म किया गया था। पीड़िता को सर्किट हाउस के निकट बेहोश पाया गया था, जिसके बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां उसे कल होश आया। पीड़िता को चिकित्सकीय जांच के लिए भेजा गया है।

उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों ने आरोपी आईआरबी कांस्टेबल लुकबोम योंग गाम को गिरफ्तार कर लिया है। स्थानीय लोगों ने कांस्टेबल को सजा दिलाए जाने की मांग करते हुए पुलिस थाने का घेराव किया। लोगों ने आरोपी को चिकित्सकीय जांच के लिए शाम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाते समय पीटना शुरू कर दिया, जिसके बाद पुलिस को हवा में गोलियां चलानी पड़ीं। सूत्रों ने बताया कि सुरक्षा कारणों से कांस्टेबल की जांच सैन्य चिकित्सकों ने पुलिस थाने में ही की।

स्थानीय विधायक थांगवांग वांघम ने कहा कि दोषी को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने और पुलिस को अपना काम करने देने की अपील की। (एजेंसी)

First Published: Monday, March 4, 2013, 13:41

comments powered by Disqus