जांच में सशर्त सहयोग देगा इटली - Zee News हिंदी

जांच में सशर्त सहयोग देगा इटली

 

कोच्चि : इटली ने अपने गिरफ्तार दो नौसैन्य कर्मियों के हथियारों की प्राक्षेपिक जांच में गुरुवार को केरल पुलिस के साथ सहयोग की पेशकश की, लेकिन कहा कि यह उसके अधिकारियों की मौजूदगी में होनी चाहिए।
इटली के गिरफ्तार दो नौसैन्य कर्मियों पर आरोप है कि उन्होंने गोली चलाकर दो भारतीय मछुआरों को मार दिया। केरल पुलिस ने दोनों पर हत्या का मामला दर्ज किया है।

 

इतालवी उप विदेश मंत्री स्टीफन डी मिस्तूरा ने कहा, हम प्राक्षेपिक जांच में सहयोग करेंगे, लेकिन इसमें हमारी उपस्थिति भी होनी चाहिए। उम्मीद है कि इससे न्याय होगा। कोल्लम की एक अदालत ने 21 फरवरी को पुलिस को इतालवी जहाज ‘एनरिका लेक्सी’ की तलाशी तथा उन हथियारों को जब्त करने की अनुमति दे दी थी जिनका भारतीय मछुआरों को मारने वाले इतालवी सुरक्षाकर्मियों ने कथित तौर पर इस्तेमाल किया।

 

 

यहां केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षाबल (सीआईएसएफ) के गेस्ट हाउस में अपने दोनों नौसैन्य कर्मियों से मुलाकात के बाद गुरुवार सुबह संवाददाताओं से मिस्तूरा ने कहा कि गोलीबारी की घटना अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में हुई। उन्होंने कहा, हम अपने रुख पर कायम हैं कि घटना के समय पोत अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में था।

 

यह कोल्लम तट से 22.5 नॉटिकल मील की दूरी पर था। इतालवी मंत्री ने मृत मछुआरों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा, हम खेद प्रकट करते हैं। इटली कहता रहा है कि इसके नौसैन्य कर्मियों ने जलदस्यु होने के संदेह में भारतीय मछुआरों पर गोली चलाई।

 

इस बीच, गिरफ्तार दोनों सुरक्षाकर्मियों को उनकी तीन दिन की पुलिस हिरासत खत्म होने पर अदालत के समक्ष पेश करने के लिए कोल्लम ले जाया गया। लातोर मैसिमिलानो और सलवातोर गिरोन को पुलिस अलग अलग वाहनों में लेकर गई जो यहां से तीन घंटे का सफर है।

 

मुम्बई स्थित इतालवी महावाणिज्य दूत और इन दोनों सुरक्षाकर्मियों द्वारा प्राथमिकी खारिज कराने के लिए दायर की गई याचिका गुरुवार को केरल उच्च न्यायालय के समक्ष आएगी।  (एजेंसी)

First Published: Thursday, February 23, 2012, 18:26

comments powered by Disqus