Last Updated: Friday, May 3, 2013, 15:53

जम्मू: जम्मू की अतिसुरक्षित कोट बलवाल जेल में साथी कैदी के हमले में एक पाकिस्तानी कैदी गम्भीर रूप से घायल हो गया। यह घटना लाहौर की एक जेल में हमले में घायल हुए भारतीय कैदी सरबजीत सिंह की मौत के दूसरे दिन सामने आई है।
यह जानकारी पुलिस ने शुक्रवार को दी। एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, सियालकोट निवासी सनाउल्लाह पर हत्या के दोषी भारतीय सेना के पूर्व जवान ने शुक्रवार सुबह हुई एक झड़प के दौरान हमला कर दिया।
उसके सिर में गम्भीर चोटें आई हैं तथा उसे जम्मू के गर्वमेंट मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां के चिकित्सकों ने बताया कि वह फिलहाल कोमा में है। इसी तरह का हमला 26 अप्रैल को सरबजीत पर हुआ था, जिसका बाद वह भी कोमा में थे।
अस्पताल के एक चिकित्सक ने कहा कि उसके सिर पर गम्भीर चोटें आई हैं और वह कोमा में है। उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया है और हम अतिशीघ्र उसकी सर्जरी किए जाने की तैयारी कर रहे हैं।
एक अधिकारी ने कहा कि प्रशासन ने आवश्यकता पड़ने पर सनाउल्लाह को विशेष उपचार के लिए राज्य से बाहर ले जाए जाने का प्रबंध पहले ही कर लिया है। जेल के सूत्रों के मुताबिक, सनाउल्लाह पिछले 17 सालों से कोट बलवाल जेल में कैद था। उस पर हत्या सहित आठ मामले दर्ज हैं तथा उसे दो मामलों में आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है।
सनाउल्लाह पर हमला करने वाला विनोद कुमार उत्तराखंड से ताल्लुक रखता है तथा वह इस जेल में पिछले छह सालों से कैद है। लेह में उसके सहयोगी की हत्या करने के मामले उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है।
सूत्रों के मुताबिक, दोनों को नियमित दिनचर्या के तहत शुक्रवार को जेल अहाते में ले जाया गया था। उन्होंने बताया कि सभी आपस में बात कर रहे थे तभी अचानक दोनों के बीच झड़प होने लगी और विनोद ने सनाउल्लाह के सिर पर वार कर दिया। अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि कहीं सनाउल्लाह पर ईंट या बेलचे से तो हमला नहीं किया गया था।
राज्य प्रशासन ने जम्मू एवं कश्मीर की उन 14 जेलों में सुरक्षा कड़ी कर दी है जहां लगभग 80 पाकिस्तानी कैदी मौजूद हैं। (एजेंसी)
First Published: Friday, May 3, 2013, 11:06