Last Updated: Sunday, June 23, 2013, 10:23
जोधपुर : जोधपुर के महादेव नगर क्षेत्र में एक परिवार के पांच सदस्य मृत मिले। इन सभी लोगों की हत्या कर दी गई थी। मृतकों में डेढ़ वर्ष का एक बच्चा भी शामिल है। पुलिस आयुक्त भूपेंद्र कुमार दाक ने कहा कि धर्मेंद्र सिंधी, उसकी पत्नी राखी, डेढ़ वर्षीय पुत्र तनिष्क, सास लक्ष्मी और एक अज्ञात लड़की गत शनिवार शाम में मृत मिले। सभी की हत्या की गई थी।
उन्होंने बताया कि परिवार की एक अन्य सदस्य सुनीता बेहोश मिली और उसे अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि इन लोगों की हत्या शुक्रवार को की गई क्योंकि खून सूख गया था। बच्चे सहित सभी लोगों की बेरहमी से हत्या की गई थी। प्रारंभिक जांच के अनुसार धर्मेंद्र कथित रूप से देह व्यापार में लगा हुआ था और वह माधव नगर क्षेत्र में एक किराये के मकान में रहता था।
दाक ने कहा कि पुलिस को संदेह है कि इन हत्याओं में किसी परिचित का हाथ है और संभवत: उसका सिंधी के साथ प्रतिस्पर्धा थी। उन्होंने कहा कि इसमें एक से अधिक व्यक्तियों के शामिल होने की बात से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा, ‘हमें घर में पैरों के निशान मिले हैं। हत्यारों ने घटना को लूटपाट दिखाने का प्रयास किया क्योंकि घर में तोड़फोड़ नजर आया लेकिन कोई सामान गायब नहीं था।’ (एजेंसी)
First Published: Sunday, June 23, 2013, 10:23