टीम अन्ना ने कहा- कांग्रेस को हराओ - Zee News हिंदी

टीम अन्ना ने कहा- कांग्रेस को हराओ

मेरठ : उत्तर प्रदेश दौरे के तहत मेरठ पहुंची टीम अन्ना के सदस्यों ने एक बार फिर लोगों से कांग्रेस का विरोध करने का आग्रह किया। दल के सदस्यों ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि वे कांग्रेस का विरोध इसलिए कर रहे हैं क्योंकि केन्द्र में वही सत्तारुढ़ है और जनलोकपाल विधेयक उसे ही लाना है।

 

इससे पहले मेरठ में टीम अन्‍ना की मीटिंग में हंगामा करने की साजिश के आरोप में 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
हमले की साजिश रचने वाला वही शख्स था जिसने दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट के बाहर टीम अन्ना के समर्थकों पर हमला किया था। खुद को अखंड हिन्दुस्तान मोर्चा का अध्यक्ष बता रहे यतीतानंद सरस्वती को गिरफ्तार कर लिया गया है।

 

टीम अन्ना के सदस्य अरविन्द केजरीवाल ने कहा कि कांग्रेस पर दबाव बनाया जा रहा है ताकि वह संसद के शीतकालीन सत्र में जनलोकपाल विधेयक लाए। उन्होंने जनता का आह्वान किया कि यदि कांग्रेस संसद के शीतकालीन सत्र में जनलोकपाल विधेयक नहीं लाती है तो वे कांग्रेस को पराजित करें। अरविंद केजरीवाल ने टीम अन्ना के कुछ सदस्यों पर उठ रहे भ्रष्टाचार के आरोपों पर कहा कि भ्रष्टाचार की मुहिम से घबरा रहे लोग इस तरह के हमले कर टीम अन्ना की भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई की धार कमजोर करने की कोशिश में हैं।

 

केजरीवाल ने कहा कि हमारा तो यह कहना है कि जनलोकपाल बिल लागू होने के बाद हमारी टीम के सदस्यों की जांच कराई जाए। यदि जांच में कोई दोषी पाया जाता है तो हमारी टीम के दोषी सदस्यों को आम लोगों के मुकाबले दुगुनी सजा दी जाए। टीम अन्ना के सदस्यों किरण बेदी, मनीष सिसौदिया, कुमार विश्वास और संजय सिंह ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामले में कोई भी राजनीतिक दल किसी से पीछे नहीं है लेकिन क्योंकि जनलोकपाल बिल कांग्रेस की अगुवाई वाली केन्द्र सरकार को लाना है इसलिए हमें कांग्रेस पर दबाव बनाना होगा। यदि कांग्रेस शीत सत्र में जनलोकपाल नहीं लाती है तो उत्तर प्रदेश में भी कांग्रेस का वही हश्र होना चाहिए जो कि हरियाणा के हिसार में हुआ है। (एजेंसी)

 

किरण बेदी ने छूट का लाभ लेने के बावजूद अपने मेजबान से हवाई टिकटों का पूरा किराया लेने संबंधी आरोपों पर कहा कि पात्रता के बावजूद इकनॉमी क्लास में यात्रा करने का मकसद मात्र यह था कि इससे बचने वाला धन गैर सरकारी संगठन के काम आए।

First Published: Saturday, October 22, 2011, 00:28

comments powered by Disqus