Last Updated: Tuesday, January 8, 2013, 10:52

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में तापमान में लगातार आ रही गिरावट और बढ़ती शीतलहर लोगों की जिदंगी पर भारी पड़ रही है। कड़ाके की ठंड की वजह से सूबे में पिछले 24 घंटों के दौरान 114 लोगों को अपनी जान गवानी पड़ी है। मंगलवार को राजधानी में आसमान साफ रहने का अनुमान है। लखनऊ में सोमवार को न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
सूबे में मुजफ्फरनगर सबसे सर्द क्षेत्र रहा, जहां न्यूनतम तापमान पहली बार शून्य से नीचे चला गया। यहां का तापमान शून्य से नीचे 0.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सूबे में लखनऊ के अलावा नजीबाबाद, अलीगढ़, आगरा सहित पूरे पूर्वांचल में शीतलहर और ठंड की वजह से जनजीवन पूरी तरह से अस्तव्यस्त हो गया है।
मंगलवार को लखनऊ का न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
राजधानी के अलावा आगरा का न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री, नजीबाबाद में एक डिग्री, अलीगढ में 1.4 और लखीमपुर खीरी में 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा गोरखपुर का न्यूनतम तापमान 6.1, वाराणसी का 3.9, बीएचयू क्षेत्र में 4.2 और गाजीपुर में दो डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इस बीच ठंड से प्रदेशभर में 114 लोगों ने दम तोड़ दिया है। पूर्वांचल में 48 लोग ठंड से अपनी जान गवां बैठे तो बुंदेलखंड और मध्य उप्र में 29 लोगों की जान चली गयी है। अवध क्षेत्र में 12, मेरठ और उसके आसपास के जिलों में 16 एवं इलाहाबाद के देहात क्षेत्र में नौ लोगों ने ठंड से दम तोड़ दिया है। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, January 8, 2013, 10:52