ठाणे बिल्डिंग हादसा: मृतकों की संख्या 72हुई, 2 बिल्डर गिरफ्तार

ठाणे बिल्डिंग हादसा: मृतकों की संख्या 72हुई, 2 बिल्डर गिरफ्तार

ठाणे बिल्डिंग हादसा: मृतकों की संख्या 72हुई, 2 बिल्डर गिरफ्तारठाणे : महाराष्ट्र में ठाणे के शिल फाटा इलाके में अवैध सात मंजिला इमारत ढहने के करीब 43 घंटे बाद बचाव एवं राहत कार्य रोक दिया गया जबकि इस घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 72 हो गयी। मामले में दो बिल्डरों को गिरफ्तार किया गया है।

ठाणे के संयुक्त पुलिस आयुक्त विपिन कुमार ने हादसा स्थल पर कहा, ‘‘बचाव एवं राहत अभियान रोक दिया गया है। फिलहाल मृतकों की संख्या 72 है जबकि 62 लोग जिंदा बाहर निकाले गए।’’

क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष (आरडीएमी) के अनुसार हादसे में मरने वाले 72 लोगों में 22 महिलाएं और 17 बच्चे शामिल हैं। घायल 60 लोगों में से 36 ठाणे, कलवा तथा मुम्ब्रा स्थित अस्पतालों में भर्ती कराए गए हैं।

गंभीर रूप से घायल लोगों को मुम्बई के जेजे और सायन अस्पताल भेजा गया है।

कुमार ने बताया कि समीप एक और और बहुमंजिला भवन गिराया जा रहा है क्योंकि इसे भी उसी बिल्डर ने अवैध रूप से बनाया है।

ठाणे के निगम आयुकत आर ए राजीव ने कल कहा था कि मुम्ब्रा इलाके में 90 फीसदी भवन अवैध है। इसी इलाके में शिलफाटा हैं जहां यह गंभीर घटना घटी।

घटना के शीघ्र बाद पुणे से पहुंचे राष्ट्रीय आपदा कार्रवाई बल के कमांडेंट आलोक अवस्थी ने इसकी पुष्टि की कि बचाव एवं राहत अभियान रोक दिया गया क्योंकि मलबे में किसी शव या किसी के बचे होने की संभावना नहीं है।

नब्बे सदस्यीय अपने बचाव एवं राहत दल की अगुवाई करने वाले अवस्थी ने कहा, ‘हमने ‘प्लिंथ’ से आठ फुट नीचे तक देख लिया है, हम पूरी तरह सुनिश्चित हैं कि नीचे कोई नहीं है।’ इस दल ने 62 लोगों को मलबे से निकाला।

इस अभियान को ‘काफी जटिल’ बताते हुए अवस्थी ने कहा कि एक के ऊपर एक कर कई तल हैं, ऐसे में हर तल से मलबे हटाकर बचे हुए लोगों को ढूंढ़ना दुष्कर कार्य था।

उन्होंने कहा, ‘‘हम बहुत धीरे-धीरे आगे बढ़े क्योंकि कोई भी चूक मृतकों की संख्या बढ़ा सकती थी।’’ सरकार ने कल ठाणे के निगम उपायुक्त दीपक चव्हाण तथा शिल.दैघर के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक के पी नायक को कर्तव्य में लापरवाही एवं बिल्डरों से साठगांठ करने को लेकर निलंबित कर दिया।

मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने घोषणा की है कि अतिरिक्त मुख्य सचिव स्तर की जांच का आदेश दे दिया गया है।

वहीं, मामले में आज दो बिल्डरों को गिरफ्तार किया गया।

ठाणे के पुलिस आयुक्त के पी रघुवंशी ने बताय, ‘‘बिल्डर जमील कुरैशी और सलीम शेख को उनके छिपने के ठिकानों से गिरफ्तार कर लिया गया।’’
कुरैशी को उत्तर प्रदेश से पकड़ा गया जबकि शेख ठाणे में पुलिस के हत्थे चढ़ा। पुलिस ने दोनों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। दोनों इस घटना के बाद से फरार चल रहे थे।

जिले में मुम्ब्रा के शिलफाटा में बृहस्पतिवार शाम को सात मंजिला अवैध इमारत ढह गयी थी। आज दोपहर जब बचाव एवं राहत अभियान बंद किया गया तब तक मलबे से 72 लोगों के मरने की खबर थी। राज्य में अपनी तरह का यह सबसे भयंकर हादसा है। (एजेंसी)

First Published: Saturday, April 6, 2013, 09:37

comments powered by Disqus