Last Updated: Saturday, May 26, 2012, 14:27

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पत्नी डिम्पल यादव राज्य की कन्नौज लोकसभा सीट के आगामी उपचुनाव के लिए समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी होंगी।
सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रो. रामगोपाल यादव ने आज पार्टी संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद यहां संवाददाताओं से कहा, ‘बोर्ड ने कन्नौज से डिम्पल को ही उपचुनाव लड़ाने का फैसला किया है।’ उन्होंने कहा कि कल यहां पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक के दौरान बड़ी संख्या में कन्नौज लोकसभा क्षेत्र के लोग यहां आए थे और उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से आग्रह किया था कि जिस सीट से अखिलेश ने त्यागपत्र दिया है उस पर डिम्पल को चुनाव लड़ाया जाए। बोर्ड ने आज डिम्पल को ही चुनाव लड़ाने पर मुहर लगा दी।’
गौरतलब है कि अखिलेश यादव ने गत 15 मार्च को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद अपनी संसदीय सीट कन्नौज से त्यागपत्र दे दिया था। उनके इस्तीफे से रिक्त हुई कन्नौज की सीट पर उनकी पत्नी डिम्पल को चुनाव लड़ाने की मांग काफी जोर पर थी। इस सीट पर उपचुनाव आगामी 24 जून को होगा। डिम्पल वर्ष 2009 में फिरोजाबाद लोकसभा सीट का उपचुनाव लड़ चुकी हैं लेकिन उन्हें कांग्रेस प्रत्याशी राजबब्बर के हाथों पराजय का सामना करना पड़ा था। (एजेंसी)
First Published: Saturday, May 26, 2012, 14:27