Last Updated: Friday, March 22, 2013, 16:09
पटना : महाराष्ट्र के प्रख्यात शिक्षाविद डीवाई पाटिल ने शुक्रवार को बिहार के राज्यपाल के रूप में आज यहां राजभवन में आयोजित एक समारोह में शपथ ली। पटना उच्च न्यायालय की मुख्य न्यायाधीश रेखा एम दोसित ने 77 वर्षीय ज्ञानदेव यशवंतराव पाटिल को बिहार के 34 वें राज्यपाल के रूप में शपथ दिलाई।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, राज्य के कई मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। बीते नौ मार्च को राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी ने पाटिल को बिहार का राज्यपाल नियुक्त किया था। वह त्रिपुरा के राज्यपाल थे। उनके स्थान पर बिहार के पूर्व राज्यपाल देवानंद कुंवर को त्रिपुरा स्थानांतरित किया गया है।
पाटिल महाराष्ट्र के एक जाने माने शिक्षाविद हैं। उन्होंने कई इंजीनियरिंग कालेजों की स्थापना महाराष्ट्र में की है। 22 अक्तूबर 1935 को महाराष्ट्र के कोल्हापुर में जन्मे पाटिल को समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए 1991 में पदमश्री से सम्मानित किया गया था। (एजेंसी)
First Published: Friday, March 22, 2013, 16:09