Last Updated: Monday, December 26, 2011, 07:39
चेन्नई : तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई के निकटवर्ती तिरुवल्लूर जिले की पुलीकट झील में रविवार को एक नाव के डूब जाने से 22 लोगों की मौत हो गई। नाव में 25 लोग सवार थे। अभी तक 15 शव बरामद कर लिए गए हैं। शेष लोगों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर बाद क्रिसमस की छुट्टी मनाकर चेन्नई और गुम्मुडीपूंडी से लौट रहे लोगों का एक समूह झील में नाव पर सवार हुआ। समूह के लोग आपस में रिश्तेदार थे। फाइबर से बनी इस नाव का उपयोग मछली पकड़ने के लिए किया जाता था। बताया जाता है कि नाव झील के उस मुहाने पर डूब गई जहां वह समुद्र से मिलती है। दुर्घटना-स्थल पर मौजूद मछुआरों के अनुसार अचानक ऊंची लहर उठने के कारण नाव पलट गई। पुलिस ने बताया कि अभी तक 15 शव बरामद किए गए हैं। इलाके के मछुआरे और पुलिस तलाशी और बचाव कार्य में जुटी है।
अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना-स्थल पर केवल नाव से पहुंचा जा सकता है। रोशनी के अभाव में बचाव कार्य में बाधा आ रही है। पुलिस ने बताया कि झील के तट पर बसे ग्रामीण नजर रखे हुए हैं कि कोई शव बहकर समुद्र में न चला जाए। गौर हो कि पुलीकट भारत के खारा पानी के झीलों में दूसरी सबसे बड़ी झील है, जो यहां से लगभग 60 किलोमीटर दूर तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश की सीमा पर है। इस बीच राज्यपाल के. रोसैया और मुख्यमंत्री जे. जयललिता ने इस त्रासदी पर गहरा दुख प्रकट किया है।
अपने शोक संदेश में रोसैया ने कहा कि इस दर्दनाक हादसे के बारे में सुनकार उन्हें गहरा दुख हुआ है। उन्होंने कहा कि मैं मृतकों के परिजनों को अपनी गहरी संवेदना प्रेषित करता हूं और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता हूं।
जयललिता ने कहा कि उन्होंने डेयरी विकास मंत्री वी. मूर्ति और पर्यावरण मंत्री बी.वी. रमन्ना से तलाशी और बचाव अभियान की निगरानी करने को कहा है तथा मृतकों के परिजनों को सांत्वना देती हैं।
First Published: Monday, December 26, 2011, 13:09