Last Updated: Friday, November 4, 2011, 04:50
मुंबई: महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के प्रमुख राज ठाकरे ने उत्तर भारतीय नेताओं से कहा है कि वे भड़काऊ बयानबाजी बंद कर दें।
हाल ही में कांग्रेस नेता संजय निरुपम ने कहा था कि उत्तर भारतीय मुंबई का कामकाज ठप्प कर सकते हैं क्योंकि वे ही सारे जरूरी काम करते हैं। मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष कृपाशंकर सिंह और समाजवादी पार्टी के नेता अबू आजमी ने भी निरुपम के बयान को अपना समर्थन दिया।
राज ठाकरे ने धमकी दी है कि अगर उत्तर भारतीय नेताओं के विस्फोटक बयानों को सरकार रोकने में नाकाम रही तो महाराष्ट्र दंगों की चपेट में आ जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी मेरी नहीं होगी।
राज ने कहा, 'जब मैं अपने मन की बात कहता हूं तो मेरे बयान को भड़काऊ बताया जाता है और मेरे खिलाफ केस दर्ज किया जाता है। लेकिन निरुपम, आजमी और कृपाशंकर सिंह का क्या किया जाए जो मुंबई में मराठी मानुस को लगातार धमका रहे हैं? मैं मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री और गृह मंत्री को चेतावनी देता हूं कि वे इन लोगों को रोकें।'
शिवाजी पार्क स्थित अपने निवास स्थान कृष्णकुंज पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए राज ने कहा कि मुख्यमंत्री मराठी भाषियों को चुनौती देने वाले इन ‘कुत्तों’ को समय रहते नियंत्रित करें।
(एजेंसी)
First Published: Friday, November 4, 2011, 20:33