Last Updated: Friday, June 7, 2013, 20:29
मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद में पुलिस ने अदालत के आदेश पर एक प्रॉपर्टी डीलर तथा उसके तीन साथियों के खिलाफ एक दलित महिला से छह माह तक कथित रूप से सामूहिक बलात्कार करने का मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार महिला अपने पति के साथ ट्रांसपोर्ट नगर में मजदूरी करती थी। उसने पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में कहा है कि थाना कोतवाली भरतपुर गेट निवासी प्रॉपर्टी डीलर गौरव अग्रवाल ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर 10 अक्तूबर 2012 से 26 अप्रैल 2013 के मध्य उसे जान से मार देने की धमकी देकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया।
उन्होंने दावा किया है कि किसी प्रकार उनके चंगुल से निकलकर उसने हाईवे पुलिस से न्याय की गुहार लगाई, लेकिन उसकी शिकायत पर ध्यान नहीं दिया गया। इस पर मजबूरन अदालत की शरण में जाना पड़ा।
पीड़ित दलित महिला का आरोप है कि उसके साथ कई बार मारपीट की गई तथा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया। मामले की जांच सीओ रिफाइनरी करेंगे। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार इस प्रॉपर्टी डीलर के खिलाफ पहले भी कई संगीन मामले दर्ज हो चुके हैं। (एजेंसी)
First Published: Friday, June 7, 2013, 20:29