दिग्विजय के पास भाजपा नेताओं की 'सीडी' - Zee News हिंदी

दिग्विजय के पास भाजपा नेताओं की 'सीडी'

ज़ी न्यूज ब्यूरो/एजेंसी

जयपुर : कांग्रेस के महासचिव दिग्विजय सिंह ने राजस्थान के भारतीय जनता पार्टी के नेताओं की कथित सीडी होने का दावा किया है। हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि यह किस तरह की सीडी है। कांग्रेस नेता द्वारा भाजपा नेताओं की भी सीडी होने का दावा करने के साथ ही राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का सिलसिला शुरू हो गया है।

 

दिग्विजय सिंह ने यहां संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि मुझे कल ही जानकारी मिली कि भारतीय जनता पार्टी के नेताओं की भी सीडी है। सीडी में जोधपुर और इसके आसपास के लोग शामिल हैं। उन्होंने सीडी के बारे में इससे और अधिक जानकारी नहीं दी। कांग्रेस महासचिव ने लापता नर्स भंवरी देवी प्रकरण में कांग्रेस के बर्खास्त मंत्री महिपाल मदेरणा और कांग्रेस विधायक मलखान सिंह पर पार्टी की ओर से कार्रवाई होने का संकेत दिया और कहा कि इस प्रकरण में जो भी लोग शामिल हैं, पार्टी उनके खिलाफ कार्रवाई करेगी। उन्होंने एक प्रश्न के जवाब में कहा कि सीबीआई मामले की जांच कर रही है।

 

अन्ना पर दिग्गी का फिर हल्ला बोल
दिग्विजय सिंह ने अन्ना हजारे की टीम के सदस्यों पर फिर हल्ला बोलते हुए कहा कि अरविन्द केजरीवाल, किरण बेदी अपनी महत्वाकांक्षा पूरी करने के लिए अन्ना के साथ हैं जबकि इस अभियान के निर्माता-निर्देशक भाजपा और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ हैं। उन्होंने अन्ना हजारे की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने पानी की बचत के क्षेत्र में अच्छा काम किया है लेकिन वे भ्रमित हो गए हैं। उन्होंने अन्ना द्वारा भ्रष्टाचार को लेकर किए जा रहे आन्दोलन को नाटक बताया है।

 

उन्होंने कहा कि अन्ना के अभियान के पीछे भाजपा और आरएसएस हैं, लेकिन वे इसे मंजूर नहीं कर रहे हैं। उन्हें इसे स्वीकार कर लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह सभी को मालूम है कि दिल्ली में अन्ना आन्दोलन के दौरान खाना भाजपा के व्यापार प्रकोष्ठ ने उपलब्ध करवाया था। आखिर भाजपा और आरएसएस अन्ना के अभियान के पीछे होना स्वीकार क्यों नहीं कर रहे हैं।

 

राजस्थान की दो दिन की निजी यात्रा पर आए सिंह ने कहा कि भाजपा और आरएसएस साम्प्रदायिक दंगे भड़का कर माहौल खराब करते हैं। आरएसएस के लोग पैगम्बर साहब के खिलाफ लिखते हैं और भाजपा के लोग इसका विरोध कर साम्प्रदायिक दंगे करवाते हैं।

First Published: Saturday, November 12, 2011, 21:50

comments powered by Disqus