Last Updated: Friday, March 1, 2013, 19:13

नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली के एक नगर निगम स्कूल में सात वर्ष की एक बच्ची के साथ एक अज्ञात व्यक्ति ने बलात्कार किया। घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने उग्र विरोध प्रदर्शन किया जिनपर काबू पाने के लिए पुलिस ने डंडे बरसाए।
कक्षा दो में पढ़ने वाली लड़की के साथ उत्तर दिल्ली नगर निगम द्वारा मंगोलपुरी के एल ब्लाक में चलाए जाने वाले प्राथमिक स्कूल के भीतर गुरुवार को बलात्कार किया गया। घटना के संबंध में आज सुबह नौ बजे पता चला जब लड़की के अभिभावकों ने इस बारे में पुलिस को सूचित किया।
पुलिस ने बताया कि लड़की बलात्कारी को पहचान नहीं पायी और अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, हालांकि विद्यालय के दो पुरुष शिक्षकों और एक सुरक्षा गार्ड से पूछताछ की गई है।
चौंकाने वाली यह घटना दक्षिणी दिल्ली में गत वर्ष 16 दिसम्बर को हुई उस वीभत्स बलात्कार की घटना के ढाई महीने बाद हुई है जिसे लेकर पूरे देश में विरोध-प्रदर्शन हुए थे। पुलिस ने बताया कि घटना के पुलिस के संज्ञान में आने के बाद लड़की को तत्काल संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सा जांच में बलात्कार की पुष्टि हुई। बाद में लड़की को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा,‘लड़की के साथ कल स्कूल परिसर में बलात्कार किया गया। उसके अभिभावकों ने आज सुबह हमें इसकी जानकारी दी और घटना के संबंध में एक मामला दर्ज कर लिया गया है। लड़की बलात्कारी के बारे में कोई जानकारी नहीं दे पाई है। वह बलात्कारी की पहचान भी नहीं कर पायी।’
अधिकारी ने कहा,‘हम मामले की जांच कर रहे हैं। हमने शिक्षकों और चौकीदार सहित स्कूल के पुरुष कर्मचारियों से पूछताछ की है।’ घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने इलाके में और अस्पताल के निकट विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों का एक वर्ग बाद में अस्पताल के पास हिंसक हो गया और उसमें शामिल कुछ लोगों ने वाहनों पर पथराव किया और पुलिस बैरिकेड तोड़ दिये। कुछ पुलिसकर्मी और स्थानीय लोग इसमें घायल हो गए।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस सक्रिय रूप से मामले की जांच करके आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही है।
इस घटना में कम से कम तीन सरकारी बसें, पीसीआर वैनों और कुछ निजी वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। क्षेत्र में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। (एजेंसी)
First Published: Friday, March 1, 2013, 19:13