Last Updated: Friday, August 16, 2013, 11:11

ज़ी मीडिया ब्यूरो/आलोक कुमार राव
नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली और नोएडा में शुक्रवार सुबह तेज बारिश हुई। तेज बारिश के चलते कई इलाकों में सड़कों में जलभराव हो गया। जलभराव होने से राजधानी के कई इलाकों में जाम लग गया।
शुक्रवार की सुबह राजधानी के कई इलाकों में कहीं तेज और कहीं मध्यम बारिश होनी शुरू हुई। नोएडा के कई इलाकों में भी तेज बारिश होने की खबर है। सुबह के समय ऑफिस के लिए निकले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर लोगों को ऑटो रिक्शा एवं रिक्शा के लिए दौड़-भाग करते देखा गया।
सड़क पर जलभराव होने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई, जिसकी वजह से जगह-जगह जाम लग गया। दिल्ली में आईटीओ की सड़कों पर काफी जलजमाव हुआ। यहां सड़कों का नजारा तालाब जैसा दिखा। यहां गाड़ियों को निकलने में काफी दिक्कत हुई।
मौसम विभाग का कहना है कि आज दिन भर बारिश हो सकती है। सुबह सात बजे से शुरू हुई बारिश के रुकने के अभी आसार नहीं हैं। इस बारिश ने
दिल्ली की जलनिकासी व्यवस्था की पोल एक बार फिर खोल दी है। जलजमाव ने दिल्ली के वर्ल्ड क्लास शहर होने के दावों को फिर झुठला दिया है।
First Published: Friday, August 16, 2013, 09:22