Last Updated: Tuesday, December 18, 2012, 07:59
नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में पिछले 36 घंटे में सामूहिक दुष्कर्म के एक मामले सहित दुष्कर्म के अलग-अलग तीन मामले दर्ज किए। पुलिस ने यह जानकारी सोमवार को दी।
पहली घटना रविवार रात मध्य दिल्ली के चांदनी महल इलाके में हुई। यहां छह साल की एक बच्ची के साथ पड़ोस में रहने वाले 22 वर्षीय युवक ने कथित रूप से दुष्कर्म किया।
आरोपी की पहचान राशिद के रूप में की गई। पीड़िता बच्ची के आपबीती सुनाने पर उसके माता-पिता ने पुलिस में शिकायत की। आरोपी युवक को रविवार देर रात गिरफ्तार कर लिया गया।
दूसरी घटना रविवार रात दक्षिणी दिल्ली के वसंत विहार इलाके में हुई। 23 वर्षीया एक युवती के साथ पांच से सात युवकों ने एक चलती निजी बस में दुष्कर्म किया।
आरोपियों ने युवती के पुरुष मित्र की पिटाई भी की और दुष्कर्म के बाद दोनों को महिपालपुर फ्लाईओवर के निकट बस से फेंक दिया। पीड़िता और उसका मित्र मुनीरका से द्वारका जाने के लिए बस में चढ़े थे। बस में आरोपियों के अलावा अन्य यात्री नहीं थे। इस सिलसिले में चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है।
दुष्कर्म का तीसरा मामला पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके की रहने वाली 20 वर्षीया एक युवती ने दर्ज कराया है। उसने पुलिस को बताया कि 28 वर्षीय उसके एक पड़ोसी ने 28 नवम्बर को उसके साथ दुष्कर्म किया था। आरोपी ने गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी, जिस कारण वह अब तक पुलिस को सूचना देने की हिम्मत नहीं जुटा पाई थी।
रविवार को मामला दर्ज होने के बाद आरोपी शमीम को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, December 18, 2012, 07:59